Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

किसान, मजदूर, युवाओं के मान-सम्मान को बचाने का है यूपी चुनाव : अखिलेश यादव

हमें फॉलो करें किसान, मजदूर, युवाओं के मान-सम्मान को बचाने का है यूपी चुनाव : अखिलेश यादव
, गुरुवार, 3 फ़रवरी 2022 (17:20 IST)
बुलंदशहर। भारतीय जनता पार्टी को झूठ और जुमलेबाज दल करार देते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव किसान, मजदूर और युवाओं के मान-सम्मान को बचाए रखने का चुनाव है और सपा गठबंधन जनता की उम्मीदों को पूरा करेगा।

राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ अखिलेश ने गुरुवार को ‘भाईचारा बनाओ भाजपा भगाओ’ का नारा दिया और कहा कि योगी सरकार के विकास और कानून व्यवस्था बेहतर होने के दावे बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ चुनावी मंच पर जिस प्रकार की भाषा बोल रहे हैं वह मुख्यमंत्री पद की गरिमा के विपरीत है और उनकी बौखलाहट का परिचायक है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपने संकल्प पत्र के वायदों को पूरा करने में पूरी तरह नाकाम रही है। किसानों की आमदनी 2022 तक दोगुनी करने के दावे की खिल्ली उड़ाते हुए उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि भाजपा राज में किसानों की आमदनी आधी रह गई है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानून व्यवस्था बेहतर होने के दावे कर रहे हैं, बहन बेटियों के मान-सम्मान की सुरक्षा के कसीदे पढ़े जा रहे हैं जबकि हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में जीप से कुचलकर पांच किसानों की हत्या कर दी गई।

हाथरस में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना हुई और उसकी मौत के बाद पुलिस प्रशासन के संरक्षण में परिजनों की मर्जी के बिना पीडिता के शव का दाह संस्कार कर दिया गया। ऐसी ही घटना बुलंदशहर में छतारी थाना क्षेत्र में हुई है जहां दुष्कर्म पीड़िता के शव का परिजनों की मर्जी के बिना दाह संस्कार कर दिया गया और अब पीड़िता का परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है।

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी गठबंधन की सरकार आने पर पीड़िता के परिवार को न्याय मिलेगा किसानों को सिंचाई के लिए निशुल्क बिजली भी दी जाएगी। प्रदेश के सभी वर्ग के लोगों को 300 यूनिट निशुल्क बिजली आपूर्ति होगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में किसानों को समय पर ना तो खाद मिली बीज। योगी सरकार की कोई उपलब्धि नहीं है।

उन्होंने भाजपा को झूठ पार्टी बताया और कहा कि इस पार्टी का जितना बड़ा नेता उतना बड़ा झूठा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, की योजना उनके शासनकाल में बनी थी। सपा सरकार के समय बने एक्सप्रेसवे और भाजपा सरकार में बने एक्सप्रेस वे की गुणवत्ता की यदि तुलना की जाए तो राइडिंग क्वालिटी उनके शासनकाल में बने एक्सप्रेस वे की कहीं अच्छी है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि गठबंधन की सरकार सत्ता में आई तो 11 लाख सरकारी पदों की रिक्तियों को भरा जाएगा जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। केंद्रीय बजट की चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट अमीरों के लिए है, देश के गांव किसान मजदूर छोटे व्यापारियों के लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया है। इस बजट से हीरे-जवाहरात, जूते-चप्पल सस्ते होंगे।

उन्होंने कहा कि कल कारखानों और संस्थानों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। उन्होंने बेरोजगारों और नौजवान जिनकी नौकरियां चली गई, का आव्हान किया कि वह मतदान के दिन अपने-अपने बूथ पर रहकर गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कराएं ताकि भाजपा की प्रदेश से विदाई हो सके।

इस मौके पर जयंत चौधरी ने भी हाथरस कांड की याद दिलाते हुए बुलंदशहर में पीड़िता का रात के अंधेरे में परिजनों की मर्जी के बिना दाह संस्कार कराने की घटना की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी किसान मजदूर नौजवानों की एकता को तोड़ने की कोशिश में लगी है। प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनने पर सुशासन महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

रालोद अध्यक्ष ने कहा कि सपा रालोद गठबंधन सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं बल्कि व्यवहारिक परिवर्तन के लिए भी संघर्ष कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी पर पद की गरिमा को तार-तार करने मंच से अमर्यादित भाषा बोलने का आरोप लगाया और कहा योगी जी हार की बौखलाहट से ऐसा कर रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अखिलेश यादव अपने विजय रथ में सवार होकर जनसंपर्क के लिए निकल लिए उन्होंने आज अगौता बीबीनगर स्याना औरंगाबाद जहांगीराबाद आदि क्षेत्रों में जनसंपर्क कर गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।(वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

UP के चुनावी सर्वे में 'बाबा' क्यों पड़ रहे सब पर भारी ?, पढ़ें योगी आदित्यनाथ की पंच पावर पॉलिटिक्स से जुड़ी खास खबर