Publish Date: Sat, 06 Nov 2021 (09:16 IST)
Updated Date: Sat, 06 Nov 2021 (09:21 IST)
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि पार्टी जहां से कहेगी, वह वहां से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा चुनाव लड़ा है और पार्टी जहां से कहेगी, वहां से लड़ूंगा।
सीएम योगी ने कहा कि पार्टी का एक संसदीय बोर्ड है और यह तय करता है कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा। योगी आदित्यनाथ इस समय उत्तर प्रदेश विधानपरिषद के सदस्य हैं।
उल्लेखनीय है कि यूपी समेत 5 राज्यों में 2022 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। भाजपा समेत सभी दल इन चुनावों के कमर कस चुके हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में जब हम सरकार में आए तो सबसे बदतर स्थिति कानून व्यवस्था की थी लेकिन आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरे देश में नजीर है। 4.5 वर्षों में कोई दंगा नहीं हुआ। दीपावली समेत सभी पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुए।