Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली लिस्‍ट जारी, 125 में से 50 प्रत्याशी महिला, उन्नाव रेप पीड़िता की मां को भी टिकट

हमें फॉलो करें यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली लिस्‍ट जारी, 125 में से 50 प्रत्याशी महिला, उन्नाव रेप पीड़िता की मां को भी टिकट
, गुरुवार, 13 जनवरी 2022 (12:02 IST)
नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में 125 उम्मीदवारों के नाम हैं। इनमें अभिनेत्री, पत्रकारों को भी टिकट दिया गया है। उन्नाव रेप पीड़िता की मां को भी पार्टी ने टिकट दिया है।
 
प्रियंका गांधी ने बताया कि कांग्रेस के उम्मीदवारों में महिलाओं के साथ-साथ कुछ पत्रकार और समाजसेवी भी शामिल हैं। सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद तो टिकट मिला है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तरप्रदेश में नकारात्मक नहीं, बल्कि सकारात्मक चुनाव प्रचार करेगी ताकि राज्य के भविष्य को संवारा जा सके।

 
उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए यह भी कहा कि इस चुनाव के बाद भी वे उत्तरप्रदेश में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करती रहेंगी। कांग्रेस के इन 125 उम्मीदवारों में 50 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।
 
कांग्रेस की उत्तरप्रदेश प्रभारी ने कहा कि हमारा लक्ष्य यह है कि हमारी पार्टी मजबूत बने। हमने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि हम नकारात्मक नहीं, सकारात्मक चुनाव प्रचार करेंगे। हम चाहते हैं कि विकास, महिला सशक्तीकरण की बात हो, दलितों के विकास की बात हो, प्रदेश की समस्याओं के समाधान ने की बात हो, प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल बनाने की बात हो। उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है, जब कुछ दिनों पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि यह चुनाव '80 फीसदी बनाम 20 फीसदी' होगा। दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी सामाजिक न्याय के मुद्दे को अपने चुनाव प्रचार के केंद्रबिंदु में रखते नजर आ रहे हैं।
 
प्रियंका ने मुख्यमंत्री का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि बेरोजगार नौजवानों का प्रतिशत क्यों नहीं गिना जा रहा है? क्या वे महत्वपूर्ण नहीं हैं? जिन महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है, उनके बारे में क्यों नहीं सोचा जा रहा है? एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस चुनाव के बाद भी उत्तरप्रदेश में रहूंगी, काम करती रहूंगी। मेरा प्रयास है कि उत्तरप्रदेश में मैं अपनी पार्टी को मजबूत करके आगे बढ़ाऊं...। अगर पार्टी कहेगी कि हमारी भूमिका कहीं और भी होनी चाहिए तो वह भी करूंगी।
 
नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कहा कि हमारा संघर्ष ऐसा है जिसके लिए हिम्मत की जरूरत है। हमारे साथी जाते हैं तो दुख होता है। प्रयास होता है कि वे साथ रहें। लेकिन वे जाने का निर्णय लेते हैं तो लगता है कि वे हिम्मत नहीं रख पा रहे हैं। महिलाओं को बड़ी संख्या में टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमने महिलाओं की बात शुरू की तो सभी पार्टियां घोषणाएं करने लगीं। भाजपा, सपा, रालोद, बसपा सबने घोषणाएं कीं। हमारी सफलता यही है कि अब महिलाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

UP की महिलाएं क्या सोचती हैं? किसके सिर बांधेंगी जीत का सेहरा