Publish Date: Tue, 11 Jan 2022 (14:27 IST)
Updated Date: Tue, 11 Jan 2022 (14:34 IST)
लखनऊ। भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को हर क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए मंगलवार को राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इस अभियान में भाजपा के पदाधिकारियों के अलावा सांसद, विधायक और मंत्री भी शामिल हुए।
भाजपा के सह प्रदेश मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ में बालू अड्डा से संपर्क अभियान की शुरुआत की। प्रदेश अध्यक्ष ने लोगों को रोली टीका लगाया और घरों पर पूरी हुई हर आस-घर घर हुआ विकास जैसे नारे वाले भाजपा के स्टीकर चिपकाए। लोगों की कुशलक्षेम पूछने के साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2017 के पहले उप्र की पहचान पिछड़ा राज्य, दंगा राज, गुंडाराज, महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राज्य था लेकिन 2017 के बाद उप्र की पहचान देश में दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले राज्य के रूप में हुई है और भाजपा ने दंगामुक्त राज दिया है।
उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है। सिंह ने विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें जीतकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दोबारा भाजपा की सरकार बनाने का दावा किया।
इससे पहले सिंह ने बताया था कि मंगलवार से शुरू होने वाले जनसंपर्क अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और नेता राज्य के 1,74,000 बूथों पर घर -घर जाएंगे। 5-5 व्यक्तियों का समूह बनाकर भाजपा कार्यकर्ता सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में सघन संपर्क अभियान चलाएंगे। मतदाता सूची के पन्ना स्तर तक लोगों से संपर्क का कार्यक्रम पार्टी द्वारा बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित कर दी है और यहां 7 चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरे चरण का 14 फरवरी, तीसरे चरण का 20 फरवरी, चौथे चरण का 23 फरवरी, पांचवें चरण का 27 फरवरी, छठे चरण का तीन मार्च और सातवें चरण का मतदान सात मार्च को होना है। राज्य में विधानसभा की 403 सीटें हैं और 2017 में भाजपा ने सहयोगियों समेत 325 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी।