Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

उन्नाव पीड़िता की मौत के बाद धरने पर बैठे अखिलेश यादव, योगी सरकार को बताया जिम्मेदार

हमें फॉलो करें उन्नाव पीड़िता की मौत के बाद धरने पर बैठे अखिलेश यादव, योगी सरकार को बताया जिम्मेदार
, शनिवार, 7 दिसंबर 2019 (13:04 IST)
लखनऊ। जिंदा जला दी गई उन्नाव बलात्कार पीड़िता की मौत के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव विधान भवन के मुख्य द्वार के सामने शनिवार को धरने पर बैठ गए।
 
उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र की रहने वाली बलात्कार पीड़िता को 5 लोगों ने आग के हवाले कर दिया था जिसके बाद वे दिल्ली के अस्पताल में शुक्रवार को जिंदगी की जंग हार गई। पीड़िता की मौत की खबर मिलने के बाद अखिलेश पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ विधान भवन के सामने धरने पर बैठ गए।
 
इस घटना के लिए उन्होंने राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार को जिम्मेदार ठहराया और ऐलान किया कि इस घटना के खिलाफ रविवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर शोकसभा का आयोजन करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार जुल्म का शिकार महिलाओं और लड़कियों की मदद नहीं कर रही है।
 
उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार जो दु:ख और परेशानी दे रही है, उसे हटना चाहिए। यह हमारे समाज के लिए काला दिन है। उन्होंने कहा कि सपा रविवार को सभी जिला मुख्यालयों पर उन्नाव की बेटी के लिए शोकसभा करेगी और जितनी भी बेटियों की जान गई है, उन्हें याद करेगी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में यह कोई पहली घटना नहीं है। वह समय याद कीजिए, जब मुख्यमंत्री आवास के सामने एक बेटी ने न्याय के लिए आत्मदाह की कोशिश की तब जाकर मामला दर्ज किया गया।
 
उन्नाव की एक और बेटी ने तो पूरा परिवार खो दिया। उसके लिए भाजपा की सरकार दोषी थी और आज जिस बेटी की जान गई उसके लिए भी योगी सरकार ही कसूरवार है।
 
भाई बोला बहन को दफनाएंगे : उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के भाई ने शनिवार को कहा कि उसकी बहन को तब न्याय मिलेगा जब उसके साथ क्रूरता करने वाले उन सभी आरोपियों का भी वही हश्र हो जो ‘उसकी बहन ने झेला।’ उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उसने मुझसे मिन्नत की कि भाई मुझे बचा लो। मैं बहुत दुखी हूं कि मैं उसे बचा नहीं सका।
 
उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल लोगों को या तो मुठभेड़ में मारा जाए या फांसी पर लटका दिया जाए। उन्हें जीने का कोई हक नहीं है। आरोपियों ने पहले ही उसे जला दिया है और अब हम उसे दफनाएंगे।
 
प्रियंका ने की मुलाकात : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उन्नाव जिले में आग के हवाले की गई बलात्कार पीड़िता की मौत के बाद उसके परिजन से मुलाकात की। इससे पहले प्रियंका ने ट्वीट किया कि मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह उन्नाव पीड़िता के परिवार को दुख की इस घड़ी में हिम्मत दे।
 
उन्होंने कहा कि यह हम सबकी नाकामयाबी है कि हम उसे न्याय नहीं दे पाए। सामाजिक तौर पर हम सब दोषी हैं लेकिन यह उत्तर प्रदेश में खोखली हो चुकी कानून व्यवस्था को भी दिखाता है।
 
प्रियंका ने ट्वीट किया कि उन्नाव की पिछली घटना को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पीड़िता को तत्काल सुरक्षा क्यों नहीं दी? जिस अधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करने से मना किया, उस पर क्या कार्रवाई हुई? उत्तरप्रदेश में रोज-रोज महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उसे रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है? (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

उन्नाव रेप पीड़िता की मौत के बाद कठघरे में योगी सरकार, सड़क पर उतरा विपक्ष