औरैया में भी मेरठ जैसा मामला, पत्नी ने सुपारी देकर करवाई पति की हत्या
शादी के 15 दिन बाद ही पत्नी ने दी सुपारी, पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और धन लेकर हत्या करने वाले अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया है
Publish Date: Tue, 25 Mar 2025 (10:35 IST)
Updated Date: Tue, 25 Mar 2025 (10:52 IST)
सहार थाना के प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि घटना वाले दिन 19 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक खेत में घायल अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए बिधूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि दिलीप को 19 मार्च की रात सैफई अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उसे ग्वालियर और फिर 19 मार्च को आगरा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे 20 मार्च को औरैया के एक अस्पताल में भर्ती कराया। अगले दिन 21 मार्च की रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि प्रगति और उसके प्रेमी अनुराग उर्फ मनोज ने मिलकर दिलीप की हत्या की साजिश रची थी। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने दिलीप की हत्या के लिए रामजी चौधरी को दो लाख रुपए की सुपारी दी थी। चौधरी ने दिलीप को धोखे से बुलाया और मोटरसाइकिल पर बैठा कर खेतों की तरफ ले गया, जहां उसने दिलीप के साथ मारपीट की और गोली मार दी। इसके बाद वह दिलीप को मरा समझकर फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिलीप की शादी इसी महीने पांच मार्च को प्रगति के साथ हुई थी। प्रगति का प्रेम प्रसंग गांव के ही अनुराग से था। प्रगति और उसके प्रेमी ने मिलकर दिलीप को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अछल्दा निवासी रामजी चौधरी को दो लाख रुपए की सुपारी देकर दिलीप की हत्या का काम सौंपा।
edited by : Nrapendra Gupta