Publish Date: Wed, 16 Aug 2023 (07:30 IST)
Updated Date: Wed, 16 Aug 2023 (09:22 IST)
Vrindavan News : उत्तर प्रदेश के वृंदावन में बंदरों के 2 गुटों के बीच हुए संघर्ष ने 5 लोगों की जान ले ली। उत्पाती बंदरों के संघर्ष में हुई उछल-कूद से एक मकान का छज्जा गिर गया। इसके मलबे में दबकर अकाल मौत का शिकार हुए लोग वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शनों को आए श्रद्धालु थे। इस हादसे में 10 अन्य व्यक्तियों को घायल हुए हैं जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा पास में लगी एक दुकान के सीसीटीवी में कैद हो गया। मारे गए लोगों में तीन महिलाएं और दो पुरुष हैं। इनमें से तीन लोग कानपुर के हैं।
वृदांवन में बांके बिहारी मंदिर के पास एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक मकान का छज्जा गिरने की वजह से 5 लोगों की मौत हो गई है और करीब 8 से 10 लोग घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, बंदरों के दो गुटों में झगड़ा होने की वजह से छज्जा नीचे गिरा, जिससे ये बड़ी दुर्घटना घट गई। घायलों को अलग- अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि विष्णु बाग वालों के मकान का छज्जा जर्जर होने के चलते ये हादसा हुआ।
वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर 100 मीटर दूर और स्नेह बिहारी मंदिर के पास ये हादसा हुआ है। जैसे ही ये हादसा हुआ, वैसे ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग घबराकर इधर उधर भागने लगे। आस-पास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे के नीचे से लोगों को निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मथुरा में हुई इस अप्रिय घटना पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त करते हुए सभी मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद और घायलों का नि:शुल्क इलाज की घोषणा की है। मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने भी घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि जर्जर भवन का हिस्सा गिरने से हादसा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया तथा मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि वृंदावन और बांके बिहारी मंदिर परिसर में बंदरों का आतंक लगातार बना हुआ है और तीर्थ यात्रियों को धमकाकर उनके हाथों का सामान छीन लेते हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta