Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश में सोमवार को ईद-उल-फितर का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिमों ने अपने धार्मिक पर्व पर राज्य के विभिन्न हिस्सों में ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की।मेरठ और सहारनपुर में ईद की नमाज के बाद कुछ लोगों ने फिलिस्तीन के पक्ष में झंडा लहराया और विरोध जताया। सहारनपुर में नमाज पढ़ने आए कुछ लोगों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर नारेबाजी की। इस बार प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने सड़कों पर नमाज पढ़ने पर रोक लगाई, फलस्वरूप कई जिलों में अधिकारियों ने अपने तरीके से नमाजियों को आगाह किया।
मेरठ में सड़क पर नमाज पढ़ते हुए मिलने पर कहा था कि पासपोर्ट, लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। वहीं संभल में डिप्टी एसपी ने शांमि बैठक में कहा कि सैवइयां खिलाना चाहते हो तो गुजिया भी खाओ। जिसके बाद मेरठ, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, सहारनपुर में फ्लैग मार्च करते हुए लोगों को संदेश दिया कि कुछ भी गड़बड़ की तो उसका अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। कुछ जिलों में सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर छुपपुट नोंकझोंक के बाद शांति और अमन के साथ ईद-उल-फितर की नमाज अदा हुई।
मेरठ में आज सुबह ही सड़कों पर फायर टैंकर से छिड़काव करवाया गया, साथ ही ईदगाह जाने के रास्तों पर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए। मेरठ में लगभग 60 हजार लोगों ने ईद की नमाज पढ़ी। नमाजियों की भीड़ अधिक होने के कारण सब पहले ईदगाह में नमाज पढ़ने के लिए पुलिस से उलझते नजर आए। पुलिस ने ईदगाह आने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग कर रखी थी, जिसके चलते नमाजियों को आने में दिक्कत का सामना करना पड़ा, कई स्थानों पर पुलिस और नमाजियों के बीच झड़पें हुईं। ईदगाह में जाने के लिए लोग बैरिकेडिंग कूदकर चले गए। दो पालियों में नमाज होने के बाद स्थिति सामान्य होती चली गई।
मुरादाबाद में नमाज के दौरान तब विवाद खड़ा हो गया जब ईदगाह स्थल पर भीड़ का दबाव अधिक होने के चलते पुलिस ने लोगों को ईदगाह में जाने से रोका। रोके जाने पर नमाजी विरोध में उतर आए, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने बाद में दूसरी पाली में नमाज अदा करने की अनुमति दी।
इसके अलावा राज्य के अन्य शहरों जैसे संभल, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, कौशांबी, रामपुर, अमेठी, हरदोई, अलीगढ़, झांसी, गोंडा और अन्य जिलों में भी कड़ी सुरक्षा के साथ ईद की नमाज अदा की गई। प्रदेश के अन्य शहरों में भी पुलिस-प्रशासन ने नमाज अदा करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की थी।
मेरठ और सहारनपुर में ईद की नमाज के बाद कुछ लोगों ने फिलिस्तीन के पक्ष में झंडा लहराया और विरोध जताया। सहारनपुर में नमाज पढ़ने आए कुछ लोगों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर नारेबाजी की। यह सब देखकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सुरक्षाबलों को तैनात किया गया। वहीं मेरठ ईदगाह में भी ईद की नमाज पढ़ने के बाद फिलिस्तीन के पक्ष में बैनर दिखाई दिए।
नमाजियों ने वसुदेव कुटुम्बकम की बात कहते हुए फिलिस्तीन को फ्री कराने की मांग उठाई। शाही ईदगाह के बाहर युवाओं ने बैनर दिखाते हुए कहा, भारत सरकार इसराइल सरकार से बात करके युद्ध पर विराम लगाने की बात रखे। प्रदर्शनकारी यासीन ने कहा कि इसराइल के द्वारा किए जा रहे हमले और वॉर के हम खिलाफ हैं, सबको स्वतंत्रता के साथ जीने का अधिकार है।