Publish Date: Fri, 27 Sep 2024 (11:25 IST)
Updated Date: Fri, 27 Sep 2024 (11:29 IST)
Yamuna express way : ग्रेटर नोएडा से आगरा तक यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर महंगा होने जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने 1 अक्टूबर से इस एक्सप्रेस वे पर नई टोल दरें लागू करने का फैसला किया है।
यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर सिंह के अनुसार, यमुना विकास प्राधिकरण की बोर्ड की बैठक के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर नई टोल दरें लागू करने का फैसला किया गया। इससे पहले वर्ष 2021-22 में टोल की दरें बढ़ाई गई थीं।
यीडा ने दोपहिया से लेकर बड़े वाहनों पर लगने वाले टोल में 5 से 12 फीसदी तक वृद्धि की है। नई दरों के मुताबिक मोटरसाइकिल, तीन पहिया व ट्रैक्टर के लिए आगरा तक 247.5 रुपए टोल लगेगा।
टोल की नई दरों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा से आगरा तक के बीच चार पहिया, जीप, हल्के वाहन के लिए 486.75 रुपए, हल्के व्यावसायिक वाहनों के लिए 759 रुपए, बस व ट्रक के लिए 1542.75 रुपए, भारी निर्माण कार्य की मशीनों के लिए 2186.25 रुपए और विशाल आकार के वाहन के लिए 3027.75 रुपए अदा करने होंगे।
165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेस वे की मदद से दिल्ली आगरा मार्ग पर बढ़ रहे परिवहन दबाव को कम करने में मदद मिली। इस एक्सप्रेस वे पर 7 इंटरचेंज, 35 अंडरपास, एक रेल ओवर ब्रिज, एक बड़ा पुल और 45 छोटे पुल, 68 ट्रैक क्रासिंग हैं। इस पर 3 मुख्य टोल प्लाजा और इंटरचेंज लूप पर 7 टोल प्लाजा बनाए गए हैं। सभी टोल प्लाजा से 500 मीटर की दूरी पे जन सुविधा केंद्र है जहां यात्री अपने खाने की वस्तुएं खरीद सकते हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें