Publish Date: Mon, 02 Jun 2025 (15:33 IST)
Updated Date: Mon, 02 Jun 2025 (15:56 IST)
Ayodhya UP News : जनपद के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक बुजुर्ग मरीज को ओवरडोज इंजेक्शन लगने से मौत हो गई, जिसके बाद आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने एक वार्ड बॉय व एक नर्स को तत्काल सस्पेंड कर दिया, साथ ही 3 सदस्यों की एक जांच कमेटी बनाई गई है, जो कि इस घटना की तह तक पहुंचने का काम करेगी। कॉलेज के प्राचार्य सत्यजीत वर्मा ने आश्वासन दिया है कि जो भी इसमें दोषी पाए जाएंगे उनके विरुद्ध भी सख्त कार्यवाही की जाएगी।
राजर्षि मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को मृतक नरेंद्र बहादुर सिंह को बीपी व शुगर की परेशानी के चलते उनकी बेटियों ने यहां भर्ती कराया था, जहां इंजेक्शन के द्वारा ओवरडोज दिए जाने के कारण उसकी मौत हो गई। जिसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन एक्शन में आया और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सत्यजीत वर्मा ने तत्काल एक वार्ड बॉय व एक नर्स को सस्पेंड करते हुए तीन सदस्यों की टीम बनाते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
वर्मा ने आश्वासन दिया है कि जो भी इसमें दोषी पाए जाएंगे उनके विरुद्ध भी सख्त कार्यवाही की जाएगी। जनपद के बीकापुर कोतवाली के अंतर्गत रजौरा गांव के निवासी मृतक नरेंद्र बहादुर सिंह की बेटियों ने साफतौर पर कहा है कि जब तक हमारी बात प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी तक नहीं पहुंचाई जाएगी, तब तक हम अपने पिताजी का शव नहीं ले जाएंगे।