Publish Date: Tue, 26 Dec 2023 (15:00 IST)
Updated Date: Tue, 26 Dec 2023 (15:10 IST)
Kannoj news in hindi : उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौंसले बुलंद नजर आ रहे हैं। उनके मन से खाकी का खौंफ भी समाप्त हो गया है। इसके चलते वह पुलिस को भी अपना निशाना बना रहें है।
ताजा मामला कन्नौज जिले के विशुनगढ़ क्षेत्र का है, यहां पर सचिन राठी नाम का सिपाही अपने अधिकारियों के साथ एक हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुन्ना के घर गिरफ्तार करने गया था। हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस दल पर गोलियां दाग दी, जिसमें सचिन सिपाही घायल हो गया।
घायल सिपाही की गंभीर हालत देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान सचिन राठी की मौत हो गई।
मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला सिपाही सचिन वर्तमान में कन्नौज जिले में तैनात था। 2019 बैच में उसका सिपाही के पद सिलेक्शन हुआ। इस जाबांज सिपाही की आगामी 5 फरवरी को शादी तय हुई थी, उसके मुजफ्फरनगर में शादी की जोर शोर से तैयारी चल रही थी। लेकिन नियति ने बैंड बाजा बजने से पहले उसकी अर्थी उठवा दी। मृतक सिपाही के घर में सूचना मिलते ही मातम पसर गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कन्नौज पुलिस के मुताबिक विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के गांव धरनीधीरपुर नगरिया के रहने वाले अशोक यादव उर्फ उर्फ मुन्ना के खिलाफ छिबरामऊ कोतवाली में वर्ष 2009 में NDPS एक्ट के तहत एक केस दर्ज हुआ। इसके बाद आरोपी ने कोर्ट से जमानत ले ली और फरार हो गया।
न्यायालय की तरफ आरोपी हिस्ट्रीशीटर अशोक उर्फ मुन्ना के वारंट जारी हुए, जिसको लेकर छिबरामऊ कोतवाल जितेंद्र सिंह, विशुनगढ़ थानाध्यक्ष पारूल अपनी टीम के साथ हिस्ट्रीशीटर के घर गिरफ्तारी के लिए पहुंची।
आरोपी हिस्ट्रीशीटर पक्ष ने पुलिस दल पर गोलियां चला दी, पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायर खोले, लेकिन तब तक आरोपी पक्ष की एक गोली सिपाही सचिन को घायल कर गई।
घायल सचिन राठी को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल लाया गया, गोली उसकी जांघ को चीरते हुए पार हो गई थी।
डाक्टरों ने उसकी घालत गंभीर बताते हुए कानपुर रेफर कर दिया, जहां रिजेंसी अस्पताल में उपचार के दौरान आज उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही कन्नौज और कानपुर के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल की तरफ कूच कर गये। वही मृतक सिपाही के परिजनों को कानपुर बुला लिया गया।
सचिन का पोस्टमार्टम कानपुर में होने के बाद कन्नौज पुलिस लाइन लाया जायेगा। जहां इस शहीद सिपाही को अंतिम सलामी देने के बाद उसके परिवार को शव दिया जायेगा।
हालांकि इस घटना के बाद पुलिस ने चारों तरफ नाकाबंदी करते हुए आरोपियों को घेर लिया, मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर का बेटा पुलिस की गोली से घायल हो गया, वही पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मुन्ना यादव को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि हिस्ट्रीशीटर अशोक उर्फ मुन्ना और उसकी पूर्व प्रधान पत्नी श्यामादेवी पर विभिन्न थानों में लूट, हत्या के मुकदमें दर्ज है।