Publish Date: Mon, 08 May 2023 (18:17 IST)
Updated Date: Mon, 08 May 2023 (18:22 IST)
Shivpal Singh Yadav: कानपुर देहात। यूपी नगर निकाय चुनाव (UP municipal elections) को लेकर कानपुर देहात (Kanpur Dehat) में सियासत काफी गर्म है। दूसरे चरण के लिए 11 मई को वोट डाले जाएंगे। जिसके चलते तमाम पार्टियों की ओर से प्रचार जोर-शोर से किया जा रहा है। इसी सिलसिले में कानपुर देहात के नगर पंचायत रूरा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने रोड शो किया।
शिवपाल ने जनता से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी रमा देवी के पक्ष में अधिक से अधिक वोट करने की अपील की। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि रूरा नगर पंचायत में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी रमा देवी भारी मतों से चुनाव जीतेंगे और अन्य सभी की जमानत जब्त हो जाएंगी।
सिर्फ अधिकारियों को दे रहे हैं निर्देश : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने रोड शो के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बीजेपी के जितने भी मंत्री व नेता हैं, वे सिर्फ अधिकारियों के बल पर चुनाव जीतना चाहते हैं। बीजेपी का कोई भी नेता जनता के बीच जा नहीं रहा है और सिर्फ अधिकारियों को चुनाव को लेकर निर्देश दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी के साथ जनता है। समाजवादी पार्टी भारी बहुमत के साथ चुनाव जीतने जा रही है।
बड़बोले मंत्री, जहां से लड़े वहां से भी हार गए : शिवपाल सिंह यादव ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बिना नाम लिए कहा कि बीजेपी में एक ऐसे मंत्री हैं कि वे अपना विभाग संभाल नहीं पा रहे हैं। वे बड़बोले मंत्री हैं। विभाग को कैसे संभालना है और कैसे काम करना है, इस पर विचार नहीं कर पा रहे हैं जिसके चलते बजट भी खर्च नहीं कर पा रहे हैं। अगर आप लोगों को याद हो तो बड़बोले मंत्री जहां से चुनाव लड़े थे, वहां से हारकर आए थे।
Edited by: Ravindra Gupta