Publish Date: Sat, 25 Aug 2018 (12:26 IST)
Updated Date: Tue, 28 Aug 2018 (20:17 IST)
बलिया। मतदाता सूची में गड़बड़ी की खबरें अक्सर आती रही हैं। इस बार उत्तरप्रदेश के बलिया में बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी का नाम फोटो के साथ दिखाई दिया। इतना ही नहीं, हाथी, कबूतर और हिरण भी मतदाता सूची में शामिल हैं।
मतदाता सूचियों में इन गड़बड़ियों से अधिकारी सकते हैं और सफाई देने की तैयारी कर रहे हैं। कई लोगों के नाम और फोटो में गलतियां हुई हैं। मतदाता सूची में प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री नारद राय की जगह हाथी की फोटो लगी हुई है। तहसीलदार ने डेटा एंट्री ऑपरेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
बलिया तहसील में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर लापरवाही उजागर हुई है। सूची में अंकुर सिंह नाम के व्यक्ति की जगह हिरण और कुमार गौरव नाम के व्यक्ति की फोटो की जगह कबूतर की फोटो लगी हुई है। डेटा ऑपरेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, उसका तबादला तुरंत बेल्थरा रोड तहसील के लिए कर दिया गया है। पुलिस और अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं। (फोटो सौजन्य : सोशल मीडिया)