Publish Date: Fri, 15 Nov 2024 (16:19 IST)
Updated Date: Fri, 15 Nov 2024 (16:26 IST)
UPPSC PCS (Pre) exam: पीसीएस (प्री) (PCS-Pre) की परीक्षा 1 ही दिन कराने के निर्णय के अगले दिन शुक्रवार को उत्तरप्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने इस परीक्षा की नई तिथि घोषित की। आयोग 22 दिसंबर, 2024 को 2 सत्रों में इसे आयोजित करेगा। आयोग (commission) के सचिव अशोक कुमार ने प्रयागराज में यह जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व पीसीएस प्री की परीक्षा 7 और 8 दिसंबर को प्रस्तावित थी। अब यह परीक्षा 22 दिसंबर को 2 सत्रों (सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरे सत्र में दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे) में आयोजित की जाएगी।
पिछले 11 नवंबर से बड़ी संख्या में छात्र पीसीएस प्री और आरओ-एआरओ परीक्षा को एक दिन में कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। गुरुवार को आयोग ने पीसीएस प्री की परीक्षा 1 ही दिन में कराने की छात्रों की मांग मान ली जबकि आरओ-एआरओ की परीक्षा के लिए समिति गठित की है।
ALSO READ: UPPSC का बड़ा एलान, 22 दिसंबर को 2 पालियों में PCS परीक्षा
हमने कमेटी गठित की है : यूपी लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार ने पीटीआई को बताया कि आरओ-एआरओ परीक्षा में अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए हमने कमेटी गठित की है, जो जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट देगी और उसके अनुसार निर्णय किया जाएगा।
शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक आयोग के गेट पर महज 20-25 छात्र बैठकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए और इतनी ही संख्या में छात्रों की भीड़ आयोग के बाहर एकत्रित है। ज्यादातर छात्रों का कहना है कि आरओ-एआरओ की परीक्षा पर निर्णय आने तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।
छात्र शिव कुमार मौर्य ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 50-100 की संख्या में ही छात्र आयोग के सामने एकत्र हुए जबकि कल तक यह संख्या 10 हजार से अधिक थी। संख्या कम होने से आयोग के सामने की एक सड़क दोपहिया वाहनों के आवागमन के लिए खोल दी गई है। वहीं आयोग के आसपास तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या भी बहुत घट गई है।
ALSO READ: UPPSC अभ्यर्थियों के बीच घुसे अराजक तत्वों को पुलिस ने लिया हिरासत में
परीक्षा एक दिन में कराने का बहुत अच्छा निर्णय : पीसीएस की तैयारी कर रहे छात्र गणेश द्विवेदी ने कहा कि सरकार ने पीसीएस की परीक्षा एक दिन में कराने का बहुत अच्छा निर्णय किया है जिससे पीसीएस की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों में बहुत खुशी है। वहीं मयंक जैन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार आरओ-एआरओ की परीक्षा पर भी जल्द निर्णय करेगी। इसी उम्मीद में छात्र धरने पर बैठे हैं। यदि आंदोलन के दौरान इस पर निर्णय नहीं होता तो यह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
प्रतियोगी छात्र दीपक सिंह ने कहा कि यह फैसला (पीसीएस परीक्षा एक दिन में कराने का) सही समय पर लिया गया है और इस निर्णय से छात्रों का भविष्य सुरक्षित होगा और छात्र परीक्षा की तैयारी में निश्चिंतता महसूस करेंगे। इसी तरह, एक अन्य छात्र देवेंद्र प्रजापति ने कहा कि हमें मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है कि वह आयोग को आरओ-एआरओ पर भी जल्द निर्णय करने का निर्देश देंगे जिससे इस परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र निश्चिंतता के साथ तैयारी कर सकें।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें