बागपत में लड्डू पर्व पर बड़ा हादसा, लकड़ी का ढांचा गिरने से 5 मरे, 40 घायल
बागपत जिले के बड़ौत में जैन समुदाय द्वारा आयोजित भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व उत्सव में लकड़ी का एक ढांचा गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई
Publish Date: Tue, 28 Jan 2025 (11:22 IST)
Updated Date: Tue, 28 Jan 2025 (11:59 IST)
Bagpat news in hindi : उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के बड़ौत में मंगलवार को जैन समुदाय द्वारा आयोजित भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर मानस्तम्भ परिसर में बना लकड़ी का एक ढांचा गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हो गए।
जिलाधिकारी (डीएम) अस्मिता लाल ने कहा कि बड़ौत में जैन समुदाय के एक कार्यक्रम में लकड़ी का ढांचा गिर गया। यह कार्यक्रम पिछले 30 वर्षों से यहां आयोजित किया जा रहा था। इस बार कार्यक्रम में लकड़ी का ढांचा गिर गया, जिसमें लगभग 40 लोग घायल हो गए और 5 की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद 20 लोगों को छुट्टी दे दी गई और बाकी का इलाज चल रहा है।
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय अस्पतालों में मरीजों की निरंतर निगरानी कर रहे हैं।
edited by : Nrapendra Gupta