Publish Date: Fri, 24 Aug 2018 (16:19 IST)
Updated Date: Fri, 24 Aug 2018 (16:23 IST)
इंग्लैंड की एक लड़की ने अपने पिता से अपने लिए बायोडाटा बनाने के लिए कहा, लेकिन एक शर्त के साथ कि वह इसमें सबकुछ सच लिखेंगे। बस, फिर क्या था.. पिता ने भी पूरी ईमानदारी से अपनी प्यारी बिटिया के लिए CV तैयार कर दिया। वह CV अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल, 16 साल की लॉरेन मूर ने अपने पिता से खुद के लिए एक CV बनाने के लिए कहा था। पिता ने जो CV तैयार किया, उसे देख लॉरेन चौंक गईं। पिता ने CV में चुन-चुन के उसकी ‘खूबियां’ और ‘कार्यकुशलता’ का बखान कर दिया। इसके बाद लॉरेन ने उस CV को ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा कि अब वह अपने पिता से कभी भी अपने लिए CV बनाने को नहीं कहेगी।
आप भी जानिए लॉरेन के पिता ने उसकी तारीफ में CV में क्या-क्या लिखा था-
लॉरेन के पिता ने CV में शैक्षिक योग्यता, कार्य अनुभव, स्किल और पर्सनल क्वालिटी जैसी हैडिंग के साथ अपनी बेटी की ‘खूबियों’ का उल्लेख किया, जिसे पढ़कर लोग ठहाके लगा रहे हैं। एक यूजर ने लॉरेन के पिता को फादर ऑफ द ईयर का खिताब भी दे दिया।
शैक्षिक योग्यता के बारे में लिखा कि उन्हें लगता है कि लॉरेन इस साल दो विषयों में तो जरूर फेल होगी। फेसबुक चलाना, किसी की नहीं सुनना, डॉक्यूमेंट खो देना, अपने क्लाइंट की पूरी जानकारी किसी फ्रॉड को देने का उसे खूब अनुभव है।
स्किल और पर्सनल क्वालिटी के बारे में पिता ने लिखा- ‘वह आलसी है। असभ्य है। सुबह देर से जागती है। लोगों से नफरत करती है। टिपिकल 16 साल की लड़की है।’