Publish Date: Sun, 08 Mar 2015 (19:03 IST)
Updated Date: Sun, 08 Mar 2015 (19:05 IST)
हैमिल्टन। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का मानना है कि विश्व कप क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की सफलता का राज स्वच्छंद होकर बल्लेबाजी करना है, जैसा कि वे ऑस्ट्रेलियाई श्रृंखला के दौरान नहीं कर पाए थे।
गांगुली ने यहां बातचीत में कहा कि मेरा मानना है कि शिखर को विश्व कप में स्वच्छंद खेलने के कारण सफलता मिली है। ऑस्ट्रेलियाई श्रृंखला के दौरान ऐसा नहीं हो पाया था।
उन्होंने कहा कि अभी आपको हर समय ऑस्ट्रेलिया से नहीं खेलना पड़ रहा है। आपके दिमाग में यह बात नहीं है कि मुझे फिर से मिशेल जॉनसन का सामना करना है, ओह मुझे फिर से मिशेल स्टार्क का सामना करना होगा।
इस 42 वर्षीय क्रिकेटर ने कहा कि उन्हें पहले ही विश्वास था कि भारत विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करेगा। गांगुली ने कहा कि विश्व कप पूरी तरह से अलग तरह का खेल होता है।
विश्व कप के दौरान आपको हर समय ऑस्ट्रेलिया से ऑस्ट्रेलिया में खेलने की जरूरत नहीं पड़ती है। मुझे विश्वास था कि भारत विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करेगा। गांगुली का भी मानना है कि गेंदबाज बहुत अच्छी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन भूमिका निभाई है।
उन्होंने हर किसी की उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। मोहम्मद शमी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और उमेश यादव शानदार है। यह देखकर अच्छा लगा कि एक गेंदबाज लगातार 145 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहा है।
मोहित शर्मा सरप्राइज पैकेज हैं। जिस तरह से वह प्रत्येक मैच के साथ सुधार कर रहा है वह बेजोड़ है। गांगुली का मानना है कि भारत वनडे की बहुत अच्छी टीम है और विश्व कप में यह फिर से साबित हो गया है।
उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट की तुलना में भारत की गेंदबाजी इकाई वनडे में बेहतर है। छोटे प्रारूप में आपको लंबे स्पैल नहीं करने पड़ते हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि रवीन्द्र जडेजा की दूसरे विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में भूमिका की आगे जरूरत पड़ेगी, क्योंकि उन्हें लगता है कि भारत फाइनल में पहुंचेगा।
हैमिल्टन में गेंद स्विंग कर सकती है लेकिन गांगुली का मानना है कि पिछले दो मैचों की अंतिम एकादश में बदलाव करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि अंतिम एकादश में कोई बदलाव होगा। भारत संभवत: अपना क्वार्टर फाइनल मेलबर्न में खेलेगा तथा सेमीफाइनल और फाइनल सिडनी व मेलबर्न में खेले जाएंगे।
गांगुली ने कहा कि उन विकेटों पर दूसरे स्पिनर की जरूरत पड़ेगी और इसलिए जडेजा को बाहर नहीं किया जा सकता है। जडेजा की वहां जरूरत पड़ेगी इसलिए उन्हें इन दो मैचों में बनाए रखा जा सकता है। जो भी हो हमें ये दोनों मैच आसानी से जीतने चाहिए। (भाषा)