रबी फसल की तैयारी में जुटे किसान

Webdunia
रविवार, 9 अक्टूबर 2011 (23:08 IST)
इस वर्ष अच्छी बारिश से अंचल में खरीफ की पैदावार जोरदार हुई। उत्साहित किसान अब रबी की फसलों तैयारी में जी-जान से जुटे हैं। कृषि बाजार में रौनक बढ़ गई है। कृषि यंत्रों के साथ ही खाद-बीज की दुकानों पर भीड़ लगने लगी है। पूरे अंचल में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध है।


इस बार कृषि मजदूर केवल खेत तैयार करने के लिए भी 200 रुपए प्रतिदिन से कम मजदूरी पर आने को तैयार नहीं है, जबकि बुवाई-कटाई आदि के लिए मजदूरों की दर अलग-अलग होगी। मालवा में नीमच क्षेत्र में रबी की प्रमुख फसल लहसुन होती है। लहसुन की बिजाई के लिए बाजार में सीड ड्रील उपलब्ध है। किसानों ने इस यंत्र की खरीदी में रुचि दिखाई है। इसके साथ ही सिंचाई के लिए विद्युत पंप, डीजल इंजन आदि की बिक्री भी बढ़ गई है।


सरसों पर ध्यान कम

अंचल की परंपरागत फसल सरसों पर इस बार किसानों का कम ध्यान है। मनासा क्षेत्र के किसान लक्ष्मीनारायण भाटी ने बताया कि इस अंचल में अधिकांश सरसों की फसल की रबी के सीजन में किसान बुवाई करते हैं। लेकिन इस बार इस फसल में किसानों का कम रुझान है। क्योंकि पिछले कुछ वर्षों से सरसों के साथ खतरनाक खरपतवार भोपाड़ा जिसे देसी भाषा में भें-पाड़ा भी कहते हैं, बहुतायत में उग आई। यह पौधा जिस स्थान पर उगता है वहाँ आसपास के दो-तीन मीटर की जमीन की उर्वरा शक्ति कमजोर हो जाती है। इसलिए फसल चक्र की दृष्टि से दूसरी फसलों में इस बार ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। मनासा क्षेत्र में औषधीय फसल ईसबगोल पर किसानों का ज्यादा ध्यान है। इसके अलावा नीमच जिले में अफीम, मैथी, सरसों, गेहूँ, चना आदि के बीज किसान भरपूर खरीद रहे हैं।


पिछली फसल का धन अगली फसल में

पिछली फसल के अच्छे उत्पादन के कारण किसानों की कमाई भी अच्छी हो रही है। किसान उस धन को अगली फसल को और बेहतर करने के लिए लगा रहे हैं। कृषि यंत्र और खाद-बीज विक्रेता मनीष पालीवाल ने बताया कि बीजों के साथ ही फसलों के उपचार के लिए भी किसान अभी से तैयारी कर रहे हैं। अन्य बीजों के साथ ही डॉलर चने की ओर किसानों का रुझान अधिक है। कृषि यंत्रों की अच्छी बिक्री हो रही है। मजदूर भी महँगे हैं। ऐसे में किसान कृषि यंत्रों के सहारे बुआई-कटाई आदि कर रहे हैं। -निप्र


कुओं में है पर्याप्त पानी

ठंड की फसल अच्छी होने के लिए तैयारी कर रहे हैं। बारिश अच्छी होने से कुओं में पर्याप्त पानी है। फसलों को जितनी सिंचाई मिलेगी, उतना अच्छा उत्पादन होगा। इसलिए अच्छी क्वालिटी के बीजों के साथ सिंचाई के साधनों को अभी से तैयार कर रहे हैं। - भारत किलोरिया, कृषक, नीमच सिटी


अच्छी फसल का अनुमान

इस बार गेहूँ-चने की फसलें अच्छी होंगी। खरीफ की फसल भी सभी जगह बढ़िया हुई। इस वक्त घर के लिए सामान खरीदने से ज्यादा किसानी की सामग्री खरीदी पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। -मोतीलाल गायरी, कृषक गायरियों की गली, नीमच सिटी


Show comments