आज से माता टेकरी पर लगेगा भक्तों का ताँता

Webdunia
शुक्रवार, 23 मार्च 2012 (08:21 IST)
वर्ष प्रतिपदा के साथ नवरात्रि की शुरुआत से जनमानस उत्साहित है। शुक्रवार से शुरू हो रहे शक्ति की साधना के लिए घर-घर में घट स्थापना होगी। भक्तों द्वारा शास्त्रोक्त मंत्रोच्चार से माता की आराधना की जाएगी। माता टेकरी पर माँ तुलजा भवानी व चामुंडा माता के दर्शनों के लिए हजारों भक्त आएँगे। साथ ही मिश्रीलाल नगर स्थित कैलादेवी मंदिर में भी भक्तों की भीड़ उमड़ेगी।


माता टेकरी पर प्रशासन द्वारा नवरात्रि के मद्देनजर खास तैयारियाँ की गई हैं। एसडीएम प्रभात काबरा ने बताया कि अधिकारियों व कर्मचारियों की टेकरी पर ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यातायात पुलिस ने मुख्य मार्गों पर बैरिकेड्स लगााकर वाहन चालकों पर अंकुश लगाया है।


टेकरी के नीचे स्थित शंख द्वार पर विभिन्ना सामाजिक व धार्मिक संगठन भक्तों की सेवा में जुटेंगे। माँ चामुंडा सेवा समिति द्वारा नौ दिनों तक निःशुल्क छाछ वितरण किया जाएगा। कैलादेवी के दर्शन के लिए मंदिर प्रशासन ने सुचारु व्यवस्था की है। साथ ही 24 तारीख से होने वाली रामकथा के लिए भव्य पांडाल तैयार किया गया है।


हिन्दू उत्सव समिति द्वारा गुड़ी पड़वा पर गुड़-धनिया वितरित कर भव्य आतिशबाजी की जाएगी। साथ ही जवाहर चौक में सुबह 8 बजे सभी को तिलक लगाकर हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएँ दी जाएँगी। समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह बैस ने बताया कि आयोजन के माध्यम से परंपरा को कायम रखने का संदेश दिया जाएगा।


मप्र पाठ्य-पुस्तक निगम के अध्यक्ष रायसिंह सैंधव के नेतृत्व में सुबह साढ़े 7 बजे सिविल लाइन चौराहे पर शंख, घंटे, घड़ियाल, पुष्पवर्षा व आतिशबाजी कर नववर्ष मनाया जाएगा। दिनेश सांखला ने बताया कि सिविल लाइन चौराहे को भगवा पताका, रंगोली व तोरण द्वार से सजाया जाएगा। संगीतमय भजनों व देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।


विनर क्लब द्वारा सयाजी द्वार पर सुबह 9 बजे नववर्ष मनाकर कैलेंडरों का वितरण किया जाएगा। क्लब के संयोजक दिनेश शर्मा व संजय जोशीला ने बताया कि तिलक लगाकर लोगों को शुभकामनाएँ दी जाएँगी।


शहर कांग्रेस द्वारा सुबह 10 बजे जवाहर चौक में गुड़-धनिया वितरित कर नववर्ष मनाया जाएगा।


ताराणी कालोनी में रात आठ बजे से भजन गायक द्वारका मंत्री की भजन संध्या का आयोजन किया गया है।


Show comments