दिल्ली में 55 से 60 प्रतिशत मतदान

Webdunia
शनिवार, 29 नवंबर 2008 (21:57 IST)
दिल्ली विधानसभा की 69 सीटों के लिए शनिवार को हुआ मतदान छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से खत्म हो गया। एक करोड़ पाँच लाख मतदाताओं में से 55 से 60 प्रतिशत द्वारा मताधिकार का प्रयोग करने का अनुमान है।

राज्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के सूत्रों के अनुसार मतदान लगभग शांतिपूर्ण रहा। साढ़े तीन बजे तक 45 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और मतदान की अवधि समाप्त होने तक इसके 55 से 60 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। पिछले बार 53 प्रतिशत मतदान हुआ था।

  दिल्ली की गद्दी : कुल सीटें- 70, प्रत्याशी- 863, मतदाता- 1 करोड़ 5 लाख, सुरक्षाकर्मी-इक्यावन हजार, मतगणना-8 दिसंबर को      
पूर्वी दिल्ली की पटपडगंज सीट पर 38 प्रतिशत मतदान हुआ है। यहाँ से दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अजीत चौधरी भाजपा के नुकुल भारद्वाज के खिलाफ मैदान में हैं। करीब शाहदरा में 36.6 प्रतिशत मतदान की सूचना है । पॉश कॉलोनी ग्रेटर कैलाश के मतदान केंद्रों पर अपेक्षाकृत भीड़ कम नजर आई। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार विजय कुमार मल्होत्रा यहीं से भाग्य आजमा रहे हैं।

मतदान केन्द्रों पर सभी वर्गों के मतदाता नजर आए। पहली बार मतदाता बने युवकों में जोश देखने को मिला। आम्बेडकर नगर विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला सोहनी देवी बुखार होने के बावजूद अपनी पौत्रवधु के साथ वोट डालने आईं। कल्याणपुरी में एक विकलांग बुजुर्ग महिला मनोरमा पुलिसकर्मियों की मदद से वोट डालने आई। संगम विहार के केन्द्रीय विद्यालय में एक 75 वर्षीय महिला अपने बेटे के साथ वोट डालने आई।

राज्य मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय हालाँकि काफी पहले से मतदाता सूची तैयार करने में जुटा हुआ था। इसके बावजूद बडी संख्या में लोगों को अपना नाम मतदाता सूची में नहीं होने के कारण निराश होकर वापस जाना पड़ा। ग्रेटर कैलाश के कैलाश कॉलोनी स्थित नगर निगम विद्यालय में मतदान केन्द्र जमीन से कुछ ऊँचाई पर होने के कारण बुजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कई जगह तो ऐसे लोग मिले, जिनके पास पहचान-पत्र था, लेकिन मतदाता सूची में उनका नाम नहीं दिखा। मतदाताओं की मदद के लिए चुनाव कार्यालय द्वारा बनाए गए सहायता केन्द्रों का कई जगह तो उपयोग होते दिखा, जबकि कुछ जग ह तैनात कर्मचारी खाली बैठे नजर आए।

मतदान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुई छिटपुट हिंसक घटनाओं में विभिन्न राजनीतिक दलों के कम से कम 22 कार्यकर्ता घायल हुए हैं। सबसे अधिक 12 लोग राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी राकांपा के समर्थकों के बीच ख्याला में हुए संघर्ष में घायल हुए। वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्रीय अधिकारी के साथ झड़प की खबर है।

नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र का निर्माण विहार मतदान केन्द्र सबसे अधिक आकर्षण का केन्द्र रहा। यहाँ उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी, मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और चुनाव आयुक्त नवीन चावला ने मतदान किया।

भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मल्होत्रा ने सेंट कोलम्बस स्कूल में अपना वोट डाला। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने औरंगजेब स्थित मतदान केंद्र पर लाइन में खड़े होकर अपनी बारी आने पर वोट डाला। दिल्ली पुलिस ने मतदान शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा प्रबंध किए थे। करीब इक्यावन हजार सुरक्षाकर्मियों की चप्पे-चप्पे पर नजर थी।

इस बार के कड़े चुनाव प्रबंधों का ही नतीजा था कि मतदान केन्द्र से सौ मीटर के आसपास किसी भी राजनीतिक दल का कोई कार्यकर्ता नजर नहीं आ रहा था और न ही किसी को मेज लगाने की अनुमति दी गई थी। कांग्रेस लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर हैट्रिक बनाने के लिए प्रयासरत हैं, वहीं भाजपा दस वर्ष के बनवास के बाद सत्ता में आने के लिए जोर लगाए हुए है।

कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के अलावा उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों अशोक कुमार वालिया, अरविंदरसिंह लवली, हारुन यूसुफ, योगानंद शास्त्री, राजकुमार चौहान, मंगतराम सिंघल, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमसिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राम बाबू शर्मा, सुभाष चोपड़ा, भाजपा की ओर से मल्होत्रा, विपक्ष के नेता जगदीश मुखी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष वर्धन का भविष्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में बंद हो जाएगा।

मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसम्बर तक है। विधानसभा में कांग्रेस के 47, भाजपा के 20, राकांपा का एक, जनता दल (यू) का एक और एक निर्दलीय सदस्य था। राकांपा के रामवीरसिंह विधूडी और भाजपा के दयानंद चंदेला हाल ही में कांग्रेस में शामिल हो गए थे और दोनों ही कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। जनता दल (यू) के शोएब इकबाल लोक जनशक्ति पार्टी में शामिल हो गए थे और इस बार उसी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं।

विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं। एक सीट राजेंद्र नगर पर भाजपा प्रत्याशी पूरन चंद योगी की मृत्यु के कारण चुनाव रोक दिया गया था। इस सीट पर आगामी 13 दिसम्बर को मतदान होगा। शेष 69 सीटों पर 352 निर्दलीय समेत 863 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कुल एक करोड़ पाँच लाख मतदाताओं में 47 लाख महिलाएँ हैं। मतगणना आठ दिसम्बर को होगी।

Show comments

जरूर पढ़ें

कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की कोशिश, CM योगी ने उपद्रवियों को दी चेतावनी

समुद्र में आग का गोला बना जहाज, 300 से ज्यादा यात्री थे सवार, रोंगटे खड़े कर देगा VIDEO

महंगा पड़ा कोल्डप्ले कॉन्सर्ट में HR मैनेजर को गले लगाना, एस्ट्रोनॉमर के CEO का इस्तीफा

संसद के मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, बिहार में SIR पर विपक्ष ने उठाए सवाल

24 कंपनियों ने जुटाए 45,000 करोड़, IPO बाजार के लिए कैसे रहे 2025 के पहले 6 माह?

सभी देखें

नवीनतम

Jagdeep Dhankhar Resigns : जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से अचानक क्‍यों दिया इस्‍तीफा, सिर्फ खराब स्वास्थ्य या वजह कुछ और

मानसून की तबाही, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से 4 लोगों की मौत, स्कूल बंद

mumbai train blasts : 2006 मुंबई ट्रेन सीरियल ब्लास्ट केस में सभी 12 आरोपी बरी, पीड़ितों ने कहा- न्याय की हत्या कर दी गई

Jagdeep Dhankhar : क्या है अनुच्छेद 67 (ए), जिसका उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफे में किया जिक्र

हम समाचार और YouTube इंटरव्यू नहीं देखते, CJI बीआर गवई ने क्‍यों की यह टिप्‍पणी