चेहरे का आकार : अंडाकार चेहरा प्रेम तथा शांति को दर्शाता है। ऐसे चेहरे वाले जातक किसी से भी जल्दी ही मित्रता कर लेते हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश के जीवन में लक्ष्य की कमी रहती है।
इसी प्रकार भारी चेहरा विशाल हृदयता, उच्च महत्वाकांक्षा तथा जीवन में हमेशा अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रवृत्ति को दर्शाता है। ऐसे चेहरे वाले जातक दूसरों की गलतियों को आसानी से माफ कर देते हैं तथा छोटी-मोटी बातों को अक्सर भूल जाते हैं। वे आमतौर पर अच्छे प्रशासक होते हैं।
पतले तथा लंबे चेहरे वाले अधिकांश जातक जिद्दी होते हैं और चेहरे के साथ ही साथ इनकी नाक भी लंबी हो तो ये झूठ बोलने वाले एवं कपटी भी हो सकते हैं। गोल चेहरे वाले जातक हंसमुख एवं नम्र स्वभाव के होते हैं।
आंखें : नीचे की तरफ झुकी हुई आंखों वाले जातक हमेशा दूसरों की गलतियां ढूंढने में लगे रहते हैं, जबकि ऊपर की ओर उठी आंखों वाले जातक हमेशा अपने काम में मशगूल रहते हैं। वे कठिन परिश्रमी तो होते ही हैं, साथ ही अत्यधिक उत्साही भी।
गहरी आंखों वाले जातक हमेशा उत्साह से भरे रहते हैं। इनके जीवन में चाहे जितने उतार-चढ़ाव आए, इन्हें अधिक फर्क नहीं पड़ता। ये हमेशा किसी न किसी रंग में रंगे रहते हैं। बड़ी आंखों वाले जातक अत्यंत भावुक होते हैं तथा अकसर अपनी भावना को छिपा नहीं पाते। छोटी आंखों वाले जातक अक्सर तनाव में रहते हैं।
भौंहें : गहरी भौंहों वाले जातक अकसर दूसरों को तुरंत अपने प्रभाव में ले लेते हैं तथा स्वतंत्र विचारों के होते हैं। हलकी भौंहों वाले व्यक्ति आमतौर पर आलसी होते हैं। उन्हें स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां बनी रहती हैं। बड़ी किंतु नीचे की तरफ झुकी हुई भौंहों वाले जातकों में नेतृत्व करने की क्षमता गजब की होती है। आंखों से मिली हुई भौंहों वाले व्यक्ति नियमों से बंधे हुए होते हैं तथा जीवन का आनंद हासिल करना चाहते हैं।
होंठ : साधारण होंठों वाले जातक जमीन से जुड़े रहना चाहते हैं तथा वास्तविकता के आधार पर ही मित्रता करते हैं। ऐसे जातक जिनका ऊपर वाला होंठ मोटा होता है, वे स्वभाव से क्रोधी तथा हर पल निर्णय बदलने वाले होते हैं। नीचे की तरफ लटके होंठों वाले जातक हमेशा दूसरों पर निर्भर रहते हैं। यदि किसी जातक के दोनों ही होंठ बड़े हों तो ऐसे जातक अत्यधिक भावुक होते हैं।
नाक : बड़ी नाक वाले जातक अंहकारी तथा क्रोधी होते हैं, जबकि छोटी नाक वाले जातक हमेशा दूसरों के अधीन रहकर ही काम करते हैं। नीचे की तरफ झुकी नाक वाले जातक अकसर अपने निजी जीवन में सफल पाए जाते हैं। साधारण नाक वाले व्यक्ति आदर्शवादी, शांत और हंसमुख होते हैं।
कान- छोटे कान वाले जातक हमेशा अपने काम में मशगूल रहते हैं तथा अत्यधिक परिश्रमी होते हैं। नुकीले कान वाले जातक अहंकारी तथा कपटी स्वभाव के होते हैं। गोल कान वाले जातक सच्चाई पसंद होते हैं। कानों में बाल वाले अधिकांश जातक अपना समय व्यर्थ के कामों में बर्बाद करते हैं। बड़े कान वाले जातक पारिवारिक होते हैं।