
वृषभ-व्यक्तित्व
वृषभ राशि वाले लोगों के चरित्र तथा स्वभाव के संबंध में ज्योतिषियों में मतभेद रहते हैं। कुछ इन्हें अक्खड़ तथा आक्रामक मानते हैं और कुछ जीवन की मस्ती का आनंद लेने वाला मानते हैं। दूसरी ओर कुछ के मतमें ऐसा तभी होता है, जबकि इस राशि के व्यक्तियों को किसी भी प्रकार से उत्तेजना दिलाई जाए। वृषभ राशि के व्यक्ति प्रायः निश्छल से दिखाई देते हैं, इसका मूल कारण शांतिप्रेमी होना है। उनकी निष्क्रियता रुचिहीनता का परिचायक नहीं होती है। जब वे देखते हैं कि समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है, तब वह इतने गतिशील हो जाते हैं कि उसका हल ढूंढकर ही रहते हैं। इस राशि के लोग असाधारण भाषण क्षमता अथवा संगीत की शक्ति से संपन्न होते हैं। अपनी वाणी से सैकड़ों लोगों को प्रभावित व आकर्षित कर सकते हैं साथ ही ये विशाल जनसमूह का मनोरंजन करने में सक्षम भी होते हैं। वृषभ राशि अपने मस्तिष्क को जिस विषय पर केंद्रित कर देती है, उसे वह पूरी शक्ति से पाना चाहती है। उसे सौदेबाजी करने में आनंद का अनुभव होता है। लोग इन्हें जिद्दी समझते हैं। यथार्थ में ये बाहर से जितने कठोर दिखाई देते हैं, भीतर से उतने ही कोमल रहते हैं। वृषभ राशि भूमि तत्व से संबंधित होने के कारण स्थिरता प्रिय होती है। यह राशि कलाप्रिय, दृढ़, भक्त, सहानुभूतिपूर्ण, दयालु प्रकृति, साथ ही परिवर्तन-प्रिय भी होती है। वृषभ राशि वाले व्यक्ति चतुर होते हैं तथा अपनी विचारधारा व योजना का किसी को भी सुराग नहीं लगने देते हैं। गुप्त बातें रखते हैं, प्रेमी तथा निश्चयी होते देखे गए हैं। ये जब भी किसी काम में लग जाते हैं, तो सभी कार्य छोड़कर पहले उसे ही पूरा करते हैं। शीघ्र ही भावनाओं के वशीभूत हो जाते हैं। दैववाद या धर्मवाद पर कभी भी आश्रित नहीं होते हैं। नेत्रों को सुंदर लगने वाली वस्तुओं पर मुग्ध रहते हैं। प्रयत्न व परिश्रम को विशेष महत्व देते हैं। मिथ्यावादी अथवा घमंडी प्रकृति के व्यक्ति अथवा अशिष्टाचार करने वाले व्यक्ति से हमेशा नाराज रहते हैं। प्रधानतः इनके क्रोध का यही कारण रहता है। यह अपमान को सहन नहीं करते हैं। वृषभ राशि वाले व्यक्ति के अनुमान बड़े पक्के होते हैं। उनकी गणनाएं शुद्ध होती हैं तथा उसमें सत्यासत्य की परख होती है। उन्हें मूर्ख नहीं बनाया जा सकता। अपने कार्य में वे कभी धोखा नहीं खाते। इस राशि वालों को जीवनमें सफलता अधिक मिलती है तथा लज्जित होने के अवसर कम प्राप्त होते हैं। इस राशि के लोग शीघ्रता से अपना काम करते हैं। जहां जानेमें दूसरों को भय हो यह स्वयं पहल करते हैं तथा अपनी और योग्यता के बल पर संकटों की चुनौतियों को स्वीकार कर, उन्हें पराजित कर देते हैं। ये लोग अपने जीवन में प्रारंभ में कुछ भौतिकवादी प्रकृति के भी होते हैं। उन्हें संतुष्ट कर पाना कठिन होता है। उनका हृदय समुद्र की तरह गंभीर होता है। वृषभ राशि वाले व्यक्ति के चरित्र को सही-सही आंका नहीं जा सकता है। अत्यंत निकट संपर्क में रहकर ही उनके विषय में कुछ जाना जा सकता है। पूरी तरह से उन्हें कोई कभी भी नहीं समझ सकता है।