नोटबंदी के बाद फरवरी में कार बाजार को मिली रफ्तार

Webdunia
बुधवार, 1 मार्च 2017 (18:13 IST)
नई दिल्ली। नोटबंदी के कारण दबाव में चल रहे भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए फरवरी महीना बेहतर रहा जब यात्री वाहन बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, कार बनाने वाली दूसरी बड़ी कंपनी हुंडई मोटर इंडिया और रेनो इंडिया की बिक्री में तेजी दर्ज की गई है।
मारुति सुजुकी ने इस वर्ष फरवरी में कुल मिलाकर 130280 यात्री वाहनों की बिक्री की जो पिछले वर्ष इसी महीने में बेचे गये 117451 वाहनों की तुलना में 10.9 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी ने घरेलू बाजार में 120735 वाहनों की बिक्री की जो फरवरी 2016 में बेचे गए 108115 वाहनों की तुलना में 11 फीसदी अधिक है।
 
फरवरी 2017 में मारुति की जिप्सी, अर्टिगा, एस क्रॉस और बिटारा ब्रीजा जैसे बहुपयोगी वाहनों की मांग में जबदरस्त तेजी दर्ज की गई है। कंपनी ने पिछले वर्ष इसी महीने में इस श्रेणी में 8484 वाहन बेचे थे जो इस वर्ष फरवरी में 110.5 प्रतिशत बढ़कर 17863 वाहनों पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान उसकी छोटी कार आल्टो और वैगन आर के साथ ही एंट्री लेवल सेडार डिजायर टुअर की बिक्री में गिरावट भी रही है। फरवरी में उसने 3307 ऑल्टो और वैगन आर बेची जो पिछले वर्ष इसी महीने में बेची गई 35495 कारों की तुलना में 6.8 प्रतिशत कम है। इसी तरह से डिजायर टुअर की बिक्री भी 3522 कार से 26.9 प्रतिशत घटकर 2574 इकाई रह गई। 
 
यात्री वाहन बनाने वाली देश की दूसरी बड़ी कंपनी हुंडई मोटर इंडिया ने फरवरी 2017 में कुल मिलाकर 52734 वाहनों की बिक्री की जो पिछले वर्ष इसी महीने में बेचे गए 49729 वाहनों की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी की घरेलू बिक्री प्रतिशत बढ़कर 42327 इकाई पर पहुंच गई। पिछले वर्ष फरवरी में उसने इसी महीने में 40716 वाहन बेचे थे। उसका निर्यात 15.5 प्रतिशत बढ़ा है। फरवरी 2016 में उसने 9013 वाहन निर्यात किए थे जो इस वर्ष इसी महीने में बढ़कर 10407 वाहनों पर पहुंच गया।
 
प्रीमियम वर्ग की कार बनाने वाली कंपनी होंडा कॉर्स इंडिया की बिक्री फरवरी में 9.4 प्रतिशत बढकर 14249 वाहनों पर पहुंच गई। पिछले वर्ष इसी महीने में उसने 13020 वाहन बेचे थे। कंपनी ने इस महीने में 748 वाहन निर्यात भी किये हैं। उसने बताया कि नई होंडा सिटी को लेकर लोगों में काफी उत्साह और पहले महीने में ही 10 हजार सिटी की बुकिंग हो चुकी है। फरवरी महीने में भी सिटी होंडा की लोकप्रिय सेडान बनी रही है।
  
यात्री वाहन बनाने वाली फ्रांसीसी कंपनी रेनो की भारतीय इकाई ने फरवरी में 11,198 वाहनों की बिक्री की जो पिछले वर्ष इसी महीने में बेचे गए 8834 वाहनों की तुलना में 26.8 प्रतिशत अधिक है। उसने कहा कि उसकी छोटी कार क्विड को लेकर ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर डीलरशिप नेटवर्क में विस्तार करने से भी उसकी बिक्री बढ़ रही है।
 
प्रीमियम वर्ग की कार बनाने वाली प्रमुख कंपनी फोर्ड इंडिया ने इस वर्ष फरवरी में 24026 वाहनों की बिक्री की जबकि पिछले वर्ष इसी महीने में उसने 17306 वाहन बेचे थे। उसने बताया कि घरेलू बाजार में उसने 8338 वाहन बेचे हैं जबकि पिछले वर्ष फरवरी में यह आंकड़ा 5483 रहा था। इस दौरान वह यात्री वाहन निर्यात करने वाली सबसे बड़ी कंपनी के रूप में उभरने में भी सफल रही है। फरवरी में फोर्ड इंडिया ने 15,688 निर्यात किए जबकि पिछले वर्ष इसी महीने में यह 11823 इकाई रहा था।
 
प्रीमियम वर्ग के यात्री वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने फरवरी 2017 में घरेलू बाजार में 11543 वाहनों की बिक्री की जो पिछले वर्ष इसी महीने में बेचे गए 10312 वाहनों की तुलना में 12 फीसदी अधिक है। कंपनी ने कहा कि न्यू फोर्चुनर की लोकप्रियता काफी बढ़ रही है, क्योंकि फरवरी में दो हजार फोर्चुनर बिके हैं। हालांकि कंपनी के निर्यात में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले वर्ष फरवरी में उसने 903 इ‍टीओस सीरीज की कारें निर्यात की थीं, जो इस वर्ष फरवरी में घटकर 570 इकाई पर आ गई। नई इन्नोवा क्रिस्टा की मांग भी बनी हुई और इससे कंपनी की बिक्री को गति मिल रही है।
 
वाहन बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी टाटा मोटर्स ने इस वर्ष फरवरी में 47,573 वाहनों की बिक्री की जो पिछले वर्ष इसी महीने में बेचे गए 46674 वाहनों की तुलना में 2 प्रतिशत अधिक है। कंपनी की घरेलू बिक्री में 3 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है और इस दौरान कुल 42679 वाहनों की बिक्री हुई है। इस दौरान कंपनी के यात्री वाहनों की बिक्री में 12 फीसदी की बढोतरी दर्ज की गई है। 
 
फरवरी में कंपनी ने 12272 यात्री वाहनों की बिक्री की। कंपनी के यात्री वाहन कारोबार के प्रमुख मयंक पारीक ने कहा कि टियागो के साथ ही हाल ही में पेश की यूटिलिटी वाहन हेक्सा के बल पर यह बढोतरी हुई है। टाटा मोटर्स की घरेलू बिक्री में जहां तेजी रही है वहीं निर्यात में पांच फीसदी की गिरावट रही है। कंपनी ने फरवरी 2016 में 5142 वाहन निर्यात किए थे जो इस वर्ष फरवरी में घटकर 4894 वाहन पर आ गया।
 
वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री में गिरावट रही है। कंपनी के लोकप्रिय यूटिलिटी वाहनों की बिक्री में 14 प्रतिशत की कमी आई है। कंपनी ने पिछले वर्ष फरवरी में 22612 यूटिलिटी वाहन बेचे थे। यह आंकड़ा इस वर्ष इसी महीने में घटकर 19529 वाहन पर आ गया। फरवरी 2016 में उसने कुल मिलाकर 23718 यात्री वाहनों की बिक्री की थी जो चालू वर्ष के फरवरी में 13 प्रतिशत घटकर 20605 इकाई पर आ गया। यात्री वाहन के साथ ही हल्के और भारी व्यावसायिक वाहन और तिपहिया वाहनों की बिक्री करने वाली महिंद्रा की कुल बिक्री फरवरी में 42714 वाहन रही जो पिछले वर्ष के इसी महीने में बेचे गए 44002 वाहनों की तुलना में 3 प्रतिशत कम है।
Show comments
सभी देखें

जरूर पढ़ें

Okaya Faast F3 : सस्ता इलेक्ट्रिक स्कूटर, 125 KM की रेंज, चोरी के डर को दूर करेगा खास फीचर

Swift को Maruti Suzuki ने किया और भी सुरक्षित, दे दिया यह महंगी कार वाला standard feature

गोबर से दौड़ेंगी मारुति की कारें? कितना सस्ता होगा चलाना? कितनी रहेगी सेफ? ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्‍स के जवाब

Maruti Suzuki, Hyundai, Tata बाजार में लाएगी Electric Midsize SUVs, फीचर्स में होगा दम, कीमत भी होगी कम

सभी देखें

नवीनतम

टाटा मोटर्स ने लॉन्‍च किया भारत का सबसे सस्ता 4-व्‍हील मिनी ट्रक Tata Ace Pro, फीचर्स कर देंगे हैरान

Helmets Rules Change : हेलमेट को लेकर केंद्र सरकार का बड़ा फरमान, BIS का बड़ा कदम

Hyundai Venue और Kia Stonic की अटकी सांसें, Mahindra XUV 3XO SUV हुई लॉन्च

हीरो मोटोकॉर्प ने लॉन्च किए दो नए इलेक्ट्रिक स्कूटर, जून में बढ़ी बिक्री

अगला लेख