Publish Date: Sat, 10 Apr 2021 (17:22 IST)
Updated Date: Sat, 10 Apr 2021 (17:24 IST)
शादी के पहले से ही प्रियंका चोपड़ा का मन हिंदी फिल्मों में कम लगना शुरू हो गया था। हालांकि शादी के बाद भी उनका फिल्म करना जारी है, लेकिन बॉलीवुड के बड़े स्टार्स, सलमान खान, आमिर खान, शाहरुख खान, अक्षय कुमार, जैसे सितारे उनके साथ फिल्म नहीं करना चाहते हैं इस वजह से बड़े बजट की फिल्में प्रियंका को नहीं मिल रही हैं। आखिर क्या कारण है जो ये सितारे प्रियंका से दूरी बनाए हुए हैं।
सुपरस्टार अक्षय कुमार द्वारा प्रियंका से दूरी बनाने को लंबा समय हो गया। प्रियंका ने जब अपने करियर की शुरुआत की थी तो उनकी जोड़ी अक्षय कुमार के साथ बनी थी। दोनों ने मिलकर कई सफल फिल्में दीं, लेकिन इसी बीच दोनों के रोमांस की खबरों ने मामले को बिगाड़ दिया। ट्विंकल खन्ना अपने पति की दिलफेंक आदतों से अच्छी तरह परिचित हैं। उन्होंने अक्षय को कड़े शब्दों में समझा दिया कि वे प्रियंका के साथ तुरंत फिल्म करना बंद करें और अक्की ने ऐसा ही किया और प्रियंका के हाथ से बॉलीवुड का एक और सुपरस्टार निकल गया।
एक दौर ऐसा था जब शाहरुख और प्रियंका ने दो वर्ष साथ लगातार साथ काम किया। डॉन की शूटिंग, अवॉर्ड शो की एंकरिंग और आईपीएल के मैचेस भी दोनों ने साथ बैठकर देखे। लगातार साथ रहने से बॉलीवुड में अफवाहों का दौर शुरू हो गया और कहा जाने लगा कि जंगली बिल्ली ने डॉन के दिल में खास जगह बना ली है। कहते हैं कि जब ये बातें शाहरुख के बंगले मन्नत तक पहुंची तो गौरी खान नाराज हो गईं। बीच में करण जौहर भी कूद पड़े। उन्होंने गौरी खान का पक्ष लिया। इन बातों से किंग खान भी विचलित हो गए। हालांकि उनसे जुड़े लोग कहते हैं कि झूठ को बार-बार बोला जाए तो वो सच लगने लगता है। इसलिए शाहरुख ने भी प्रियंका से दूर रहने में ही भलाई समझी और फिलहाल वे प्रियंका के साथ काम करने के इच्छुक नहीं हैं।
सलमान खान ने प्रियंका के साथ गॉड तुस्सी ग्रेट हो और मुझसे शादी करोगी जैसी फिल्में की हैं। समस्या तब खड़ी हो गई जब प्रियंका ने सलमान के साथ मैं और मिसेस खन्ना में काम करने से इंकार कर दिया। सलमान का गुस्सा प्रियंका ने तब और बढ़ा दिया जब उनकी एक फिल्म में प्रियंका ने छोटा-सा रोल निभाने से मना कर दिया। सलमान के पास अपनी डायरी में से प्रियंका का नाम काटने के लिए इतने कारण काफी थे। बाद में प्रियंका ने सलमान से दोस्ती करने की कई कोशिशें कीं, लेकिन अब तक सलमान की किसी भी फिल्म में वे फिट नहीं हो पाई हैं। अरसे बाद सलमान का दिल पिघला और उन्होंने 'भारत' फिल्म में प्रियंका को लिया। ऐन मौके पर प्रियंका ने फिल्म छोड़ दी और इस घटना के बाद अब प्रियंका के साथ शायद ही सलमान कोई मूवी करे।
प्रियंका को अभिनय की दुनिया में आए लंबा समय हो गया है, लेकिन आमिर खान के साथ उन्होंने अब तक कोई फिल्म नहीं की है। वैसे भी आमिर बहुत कम फिल्में करते हैं और उनकी नायिका बनने का अवसर हर किसी को नहीं मिलता। लेकिन आमिर भी प्रियंका से अज्ञात कारणों से नाराज हैं। एक-दो फिल्मों में आमिर के निर्माताओं ने प्रियंका का नाम उन्हें सुझाया था, लेकिन खान तिकड़ी के इस तीसरे खान ने प्रियंका का नाम खारिज कर दिया। यानी बॉलीवुड के तीन सुपर खानों में से कोई भी प्रियंका के साथ काम नहीं करना चाहता।