Publish Date: Mon, 22 Feb 2021 (13:16 IST)
Updated Date: Mon, 22 Feb 2021 (13:56 IST)
आखिरकार रुबीना दिलैक के रूप में 'बिग बॉस 14' को उसका विनर मिल ही गया है। ट्रॉफी के साथ-साथ 36 लाख रुपये की रकम भी रूबीना के नाम रही, साथ में लोकप्रियता में और इजाफा हुआ सो अलग। राखी सावंत, अली गोनी, निक्की तंबोली जैसे मजबूत दावेदारों को रूबीना ने पछाड़ दिया था। सभी जानते थे कि असली टक्कर तो राहुल वैद्य और रूबीना में है, लेकिन रूबीना थोड़ा आगे लग रही थीं और हुआ भी ऐसा ही। रूबीना ने बाजी मार ली। आखिर रूबीना सर्वाधिक वोट पाने में कैसे सफल रहीं। इसके पीछे 5 कारण हैं जो आपको बताने जा रहे हैं।
1) लोकप्रियता
रूबीना को लोकप्रियता का फायदा मिला। छोटी बहू और शक्ति - अस्तित्व के एहसास की जैसे पॉपुलर टीवी सीरियल के कारण दर्शक उन्हें जानते थे। पहले दिन से ही वे जाना-पहचाना चेहरा थीं। हालांकि यह छवि जल्दी ही धूमिल हो जाती है और बिग बॉस के खेल में अलग ही छवि उभर कर सामने आती है, लेकिन रूबीना ने अपनी लोकप्रियता का खासा फायदा उठाया।
2) आत्मविश्वास
बिग बॉस शो के पहले दिन से ही रूबीना दिलैक आत्मविश्वास से भरी थीं। याद कीजिए कि पहले दिन उनका आत्मविश्वास तोड़ने की किस तरह कोशिश की गई थी। उन्हें बार-बार रिजेक्ट किया गया था, लेकिन वे डटी रहीं। पूरे शो में वे आत्मविश्वास से लबरेज दिखीं और यदि टूटी भी तो जल्दी ही फिर उठ खड़ी हुईं।
3) पक्ष रखने की क्षमता
रूबीना बिग बॉस शो की अच्छी तरह से तैयारी कर के आई थीं। वे जानती थीं कि इस शो में उस खिलाड़ी को खासी तवज्जो मिलती है जो अपनी बात रखता है। हालांकि रूबीना कहती रहीं कि उन्होंने पहले कभी बिग बॉस शो नहीं देखा। पहले दिन से रूबीना हर बात पर अपनी राय रखने लगीं भले ही इस कारण उनके शो में कई लोग दुश्मन भी बने। राहुल वैद्य से तो उनकी बिलकुल नहीं जमी, लेकिन वे डटी रहीं। संबंध बनाने के बजाय उन्होंने पुरजोर तरीके से पक्ष रखने को ही महत्व दिया।
4) निडरता
निडरता, रूबीना के स्वभाव की खासियत है। वे कभी भी किसी से नहीं डरी। यहां तक कि शो के होस्ट सलमान खान ने भी उन्हें कई बार फटकार लगाई, लेकिन उनसे भी डरने के बजाय रूबीना ने अपना पक्ष रखा। उनके इस गुण को खासा पसंद किया गया।
5) अभिनव का साथ
शो में रूबीना अपने पति अभिनव शुक्ला के साथ आई थीं। लंबे समय तक अभिनव उनके साथ रहे। यह भावनात्मक सहारा दूसरों को हासिल नहीं था। रूबीना को निश्चित रूप से इसका फायदा मिला। वे अपने दिल की बात किसी से कह सकती थीं। शो के दौरान ही अभिनव के साथ उनके संबंध और प्रगाढ़ हुए।
About Writer
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।....
और पढ़ें