Publish Date: Tue, 02 Jun 2020 (13:58 IST)
Updated Date: Tue, 02 Jun 2020 (14:00 IST)
सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) ने अपने करियर में सलमान खान (Salman Khan) और अक्षय कुमार (Akshay Kumar) के साथ अन्य हीरो के मुकाबले में ज्यादा फिल्में की हैं और उनकी जोड़ी इनके साथ जमी भी खूब है।
बॉलीवुड में पहला मौका सलमान खान ने ही सोनाक्षी को दिया था। तब सोनाक्षी का वजन बहुत ज्यादा था, लेकिन सलमान को सोनाक्षी में एक एक्ट्रेस नजर आईं।
सलमान ने सोनाक्षी के पिता शत्रुघ्न सिन्हा से बात की तो वे हैरत में पड़ गए कि आखिर वे इतनी वजनदार लड़की को कैसे हीरोइन बना सकते हैं? साथ में वे अपनी बेटी के फिल्मों में अभिनय करने के पक्ष में नहीं थे।
सलमान ने शत्रुघ्न को राजी किया। चुनौती इसके बाद थी सोनाक्षी के वजन को कम करने की। सलमान ने सोनाक्षी को खूब पैदल चलवाया। जिम में दौड़-भाग करवाई और जब लगा कि वे हीरोइन के रूप में 'परफेक्ट' हैं तो 'दबंग' के जरिये उन्होंने सोनाक्षी को लांच किया।
दबंग खूब चली। चुलबुल पांडे तो पसंद किए ही गए, लेकिन साथ में 'रज्जो' की मासूमियत भी दर्शकों के दिल को छू गई।
थप्पड़ से डर नहीं लगता साहब, प्यार से लगता है, संवाद बोलकर सोनाक्षी ने दिल जीत लिया और बॉलीवुड में अपनी जगह पक्की कर ली।
सलमान और सोनाक्षी ने तीन फिल्मों, दबंग, दबंग 2 और दबंग 3, में साथ काम किया है। यानी दबंग सीरिज में ही वे सलमान के साथ नजर आई हैं।
चुलबुल और रज्जों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया। 'तेरे मस्त-मस्त दो नैन' गाने में उनकी केमिस्ट्री कुछ अलग ही नजर आती है।
दूसरी ओर अक्षय कुमार और सोनाक्षी की जोड़ी भी खासी पसंद की गई। राउडी राठौर में तो दोनों ने धमाल मचा दिया था।
यह एक शुद्ध मसाला फिल्म है जिसमें अक्षय और सोनाक्षी के लटके-झटके खासे पसंद किए गए। दोनों पर फिल्माए गए गाने बड़े अच्छे लगे। यह फिल्म बहुत बड़ी हिट रही और अक्षय-सोनाक्षी की जोड़ी चल निकली।
इसके बाद दोनों की 'जोकर' फ्लॉप रही। फिल्म ही इतनी बुरी थी कि कोई नहीं बचा सकता था। दूसरी ओर 'हॉलिडे' को पसंद किया गया, जिसमें सोनाक्षी ने बॉक्सर की भूमिका अदा की थी।
मिशन मंगल, वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई 2 में भी वे नजर आएं। किसी में वे हीरो-हीरोइन नहीं भी थे। बॉस और ओह मॉय गॉड में सोनाक्षी ने अक्षय की खातिर मेहमान भूमिका भी अदा की।
बॉलीवुड के ये सलमान खान और अक्षय कुमार दो ऐसे हीरो हैं जिनके साथ सोनाक्षी की जोड़ी पसंद की गई। आपको किसके साथ सोनाक्षी को जोड़ी अच्छी लगती है?