ऐश्वर्य के सिंहासन पर ऐश्वर्या

अनहद
IFM
ऐश्वर्या राय इन दिनों गहन ऐश्वर्य में हैं। मनपसंद पति, ससुराल हिन्दुस्तान का सबसे बड़ा घराना, पैसा, शोहरत, इज्जत...। मन की खुशी तन को लगती ही है। सो ऐश्वर्या इन दिनों थोड़ी मोटी हो गई हैं। आईफा में उनको मटकते देखकर वो पुराना विज्ञापन याद आया जिसमें ऐश्वर्या ने पहली बार ध्यान खींचा था। फ्लैट टीवी का विज्ञापन था और ऐश्वर्या अपना फ्लैट पेट दिखाकर चपटे टीवी की महत्ता समझाती थीं।

समय के साथ ऐश्वर्या कामयाबियों की राह पर चलते हुए शादी तक आ गईं। हर हिन्दुस्तानी लड़की शादी के बाद थोड़ी-सी मुटाती है। ये मुटाना कतई बुरा नहीं लगता। उलटे जो लड़कियाँ नहीं मुटातीं, उन्हें देखकर शक होता है कि ससुराल में शायद कुछ ठीक नहीं चल रहा। शायद लड़की को कोई संताप है। शादी के बाद लड़कियों का रंग भी थोड़ा-सा फेयर हो जाता है और मांस की एक परत...। मायके वाले जब लड़की को इस तरह फलते-फूलते देखते हैं तो उनकी आँखें हरी हो जाती हैं।

ऐश्वर्या राय बच्चन की कमर के आसपास चर्बी की एक परत जमा हो गई है। सुखी-संतुष्ट जीवन की निशानी...। शादी के बाद माधुरी ने खुद को पहले की तरह स्लिम किया और फिल्मों में आईं, पर वो बात नहीं बची थी। चेहरे का नमक चला गया। बदन वही था, पर लोच वो नहीं था, लुनाई वो नहीं थी। उम्र को जीना चाहिए, उससे इनकार नहीं करना करना चाहिए। उम्र को कबूल कर लिया जाए, तो एक गरिमा पैदा होती है। वर्ना आदमी के चेहरे पर अजीब-सी दयनीयता और हीनभावना आ जाती है।

ऐश्वर्या राय बच्चन अब किसी भी स्पर्धा में नहीं हैं। वे जीरो फिगर के लिए पागल नहीं हैं। उन्हें कुछ भी साबित करने की इच्छा नहीं है। वे दाम्पत्य जीवन को बिना दुविधा के जी रही हैं। यही खुशी उनके चेहरे पर दिखती है। एक चाँद पूर्णिमा का होता है। तेज चमक से चौंधियाता हुआ। उसका अपना सौंदर्य है। मगर पूर्णिमा के एक दिन बाद का चाँद भी कम सुंदर नहीं होता। उस पर थकावट-सी होती है। पूरी तरह से खिलने और चमकने की थकावट। वो थोड़ा-सा फैला और फीका होता है, मगर शीतल...। ऐश्वर्या का सौंदर्य चौदहवीं के चाँद का नहीं पन्द्रहवीं के चाँद का है।

फिलहाल ऐश्वर्या दक्षिण की एक फिल्म कर रही हैं। इस फिल्म में उनके नायक उनके ससुर की उम्र के रजनीकांत हैं। दक्षिण की फिल्मों में स्लिम नायिका वैसे भी नहीं चलती, वहाँ तो अच्छी-खासी मांसल किस्म की अभिनेत्रियों का चलन है। इसलिए ऐश्वर्या को अपने वजन की चिंता करने की यूँ भी जरूरत नहीं। जिस सुख-शांति में ऐश्वर्या आज हैं, वैसी ही सुख शांति की कामना हर भारतीय परिवार में अपनी बेटी-अपनी बहन के लिए की जाती है। यथा-नाम तथा गुण... ऐश्वर्या वाकई ऐश्वर्य के सिंहासन पर हैं।

( नईदुनिया)


Show comments

बॉलीवुड हलचल

विक्की विद्या का वो वाला वीडियो फिल्म समीक्षा: टाइटल जितनी नॉटी और फनी नहीं

भूल भुलैया 3 में हैं दो क्लाइमेक्स, अनीस बज्मी बोले- किसी को भी नहीं पता फिल्म की एंडिंग

शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा को हाईकोर्ट से मिली राहत, कपल के वकील ने बोले- पोंजी घोटाले से कोई लेना देना नहीं

बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में कल्कि 2898 एडी को मिली शानदार प्रतिक्रिया

हनुमान के मेकर्स लेकर आ रहे भारत की पहली फीमेल सुपरहीरो फिल्म महाकाली

सभी देखें

जरूर पढ़ें

स्त्री 2 फिल्म समीक्षा : विक्की की टीम का इस बार सरकटा से मुकाबला

खेल खेल में मूवी रिव्यू: अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग जोरदार, लेकिन ‍क्या फिल्म है मजेदार?

वेदा फिल्म समीक्षा: जातिवाद की चुनौती देती जॉन अब्राहम और शरवरी की फिल्म | Vedaa review

औरों में कहां दम था मूवी रिव्यू: अजय देवगन और तब्बू की फिल्म भी बेदम

Kill movie review: खून के कीचड़ से सनी सिंगल लोकेशन थ्रिलर किल