Publish Date: Sat, 02 May 2020 (17:24 IST)
Updated Date: Sun, 03 May 2020 (23:10 IST)
कोरोना वायरस के चलते हुए लॉकडाउन में दूरदर्शन ने नया इतिहास रच रहा है। हाल ही में दूरदर्शन के पौराणिक धारावाहिक 'रामायण' ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इन दिनों 'उत्तर रामायण' दिखाया जा रहा है जिसमें लव और कुश के अध्याय को लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
उत्तर रामायण का आखिरी एपिसोड आज यानि 2 मई को प्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम के खत्म होने पर जहां दर्शक मयूस हैं, वहीं खुशी इस बात की है कि रामायण के खत्म होने के बाद दूरदर्शन लोगों के मनोरंजन को बनाए रखने के लिए श्री कृष्णा की शुरूआत करने जा रहा है।
इस बात की जानकारी दूरदर्शन के ऑफिशियल अकाउंट से दर्शकों के साथ शेयर की गई। दूरदर्शन ने ट्वीट कर लिखा, 'वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकी परमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्। 3 मई से रोजाना रात 9 बजे देखिए भगवान कृष्ण की लीला और उनके महिमा की कथा हमारी पेशकश धारावाहिक 'श्री कृष्णा' सिर्फ DDNational पर।'
श्री कृष्णा धारावाहिक का निर्माण भी रामायण बनाने वाले निर्देशक रामानंद सागर ने किया है। रामानंद सागर के टीवी सीरियल श्रीकृष्णा में सर्वदमन डी बनर्जी ने भगवान कृष्ण की भूमिका निभाकर दर्शकों के बीच पहचान बनाई थी।