Publish Date: Fri, 02 Oct 2020 (15:05 IST)
Updated Date: Fri, 02 Oct 2020 (16:37 IST)
देश भर में सिनेमाघर खोलने की इजाजत 15 अक्टोबर से दे दी गई है। पश्चिम बंगाल में तो एक अक्टोबर से ही सिनेमाघर खुल गए हैं। सिनेमाघर मालिक अपने सॉफ्टवेयर अपडेट कर रहे हैं क्योंकि सिनेमाघर को 50 प्रतिशत कैपेसिटी के साथ ही खोलने की इजाजत दी गई है। उदाहरण के लिए, किसी सिनेमाघर में 300 सीटें हैं तो वह 150 टिकट ही बेच सकेगा।
सिनेमाघर से जुड़े व्यावसायियों में जहां खुशी का माहौल है तो मन में संदेह भी है। क्या दर्शक सिनेमाघरों में आएंगे? वे कौन सी फिल्म शुरुआत में दिखाएंगे? क्या बड़ी फिल्में रिलीज होंगी? ये प्रश्न उन्हें परेशान कर रहे हैं।
यदि 15 अक्टोबर से सिनेमाघर शुरू होते हैं तो कुछ पुरानी फिल्मों का सहारा लेना होगा। नई छोटे बजट की कुछ फिल्में रिलीज हो सकती हैं। लेकिन बड़ी फिल्में तो तभी रिलीज होंगी जब पूरे देश में सिनेमाघर खुलेंगे और ज्यादा दर्शकों की इजाजत मिलेगी।
जो बड़े बजट की फिल्में रिलीज की बाट जोह रही हैं उनमें अक्षय कुमार की सूर्यवंशी का नाम सबसे ऊपर है। मार्च के अंतिम सप्ताह में रोहित शेट्टी निर्देशित यह फिल्म प्रदर्शित होने वाली थी, लेकिन मार्च के मध्य में सिनेमाघरों को कोविड-19 के कारण बंद रखने का आदेश आ गया और तब से इस फिल्म की रिलीज टलती जा रही है।
(Photo : Screenshot of trailer)
एक अनुमान के तहत माना गया कि इस दिवाली पर इसे रिलीज किया जा सकता है, लेकिन फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार फिल्म के निर्माता इस तरह के माहौल में फिल्म को रिलीज नहीं करना चाहते। आधी कैपेसिटी, भय का माहौल से फिल्म के व्यवसाय पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
यदि दिवाली पर फिल्म रिलीज करना है तो एक महीने पहले से प्रचार करना शुरू करना होगा और तब तक इस बात का पता करना कठिन होगा कि दर्शकों का रुझान सिनेमाघर में फिल्म देखने के प्रति कैसा है। लिहाजा वे जोखिम उठाने से कतरा रहे हैं।
खबर है कि वे अपनी फिल्म को आगे बढ़ाना चाहते हैं और कुछ नई तारीखों पर विचार कर रहे हैं। संभवत: वे क्रिसमस पर अपनी फिल्म रिलीज करे। ऐसे में रणवीर सिंह की फिल्म 83 की रिलीज 2021 तक टल जाएगी क्योंकि यह फिल्म क्रिसमस पर रिलीज होने वाली थी। दर्शकों को बड़ी फिल्मों का और इंतजार करना होगा।
webdunia
Publish Date: Fri, 02 Oct 2020 (15:05 IST)
Updated Date: Fri, 02 Oct 2020 (16:37 IST)