Publish Date: Wed, 30 Oct 2019 (12:23 IST)
Updated Date: Wed, 30 Oct 2019 (12:26 IST)
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार उन चुनिंदा स्टार्स में से एक हैं जो जरूरत पड़ने पर हमेशा ही लोगों की मदद के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाते हैं। कुछ वक्त पहले उन्होंने असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 2 करोड़ रुपए दान किए, तो वहीं अब वह बिहार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं।
अक्षय कुमार ने बिहार बाढ़ पीड़ितों के लिए 1 करोड़ दान किए हैं। वह छठ पूजा के मौके पर 25 बाढ़ पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपए देंगे।
अक्षय कुमार ने कहा कि प्राकृतिक आपदा हमें यह एहसास कराती है कि उसके आगे हम सब कुछ भी नहीं हैं। जिससे जो मदद हो वह करनी चाहिए। जो लोग अपना सबकुछ गंवा चुके हैं उनकी मदद करने से बड़ा और कुछ हो ही नहीं सकता। इस मदद के जरिए वे लोग अपनी जिंदगी दोबारा शुरू कर सकते हैं।
बता दें बिहार के 14 जिलों में आई भीषण बाढ़ से प्रदेश के 80 लाख से भी ज्यादा लोग प्रभावित हुए थे। लोग कई दिनों तक अपने घरों के अंदर बंद रहने को मजबूर हो गए और कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार इस बाढ़ में 127 लोगों से ज्यादा की मौत हुई है।