Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

दिग्गज फिल्म निर्माता और पूर्व CBFC चीफ पहलाज निहलानी का निधन, 76 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Advertiesment
Pahlaj Nihalani
Photo Credit : X
मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन हो गया है। उन्होंने 76 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। खबरों के अनुसार पहलाज निहलानी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और लीवर से संबंधित गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे। 
 
पहलाज निहलानी का मुंबई के नानावटी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। पहलाज निहलानी को इल्जाम, शोला और शबनम, आंखे और अंदाज जैसी फिल्में बनाने के लिए जाना जाता था। 
बॉलीवुड को दिए गोविंदा और चंकी पांडे जैसे सितारे
पहलाज निहलानी सिर्फ एक फिल्म निर्माता नहीं थे, बल्कि उन्हें बॉलीवुड में नए टैलेंट को पहचानने और उन्हें सुपरस्टार बनाने वाले पारखी के रूप में जाना जाता था। उन्होंने साल 1982 में फिल्म 'हाथकड़ी' से बतौर निर्माता अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद साल 1986 में उन्होंने फिल्म 'इल्जाम' से गोविंदा को बॉलीवुड में पहला बड़ा ब्रेक दिया।
 
गोविंदा और पहलाज निहलानी की जोड़ी ने इसके बाद सिनेमाघरों में धमाल मचा दिया। उन्होंने शोला और शबनम और आंखें जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाईं, जिन्होंने गोविंदा के करियर को एक नई ऊंचाई दी। इसके अलावा, उन्होंने साल 1987 में फिल्म आग ही आग से अभिनेता चंकी पांडे को भी फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च किया था। 
पहलाज निहलानी साल 2015 से 2017 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष रहे। उनका यह कार्यकाल भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा सुर्खियों और विवादों में रहने वाले दौर में से एक माना जाता है। पद संभालते ही उन्होंने फिल्मों में गाली-गलौज और अश्लीलता को रोकने के लिए बेहद सख्त गाइडलाइंस जारी की थीं, जिसके कारण उन्हें फिल्ममेकर्स की भारी आलोचना का सामना भी करना पड़ा था।
 
सिनेमा एसोसिएशन में भी रहा बड़ा योगदान
फिल्मों के निर्माण और सेंसर बोर्ड के कामकाज के अलावा पहलाज निहलानी फिल्म निर्माताओं के अधिकारों के लिए भी हमेशा आगे रहे। वह लगभग 29 वर्षों तक 'असोसिएशन ऑफ पिक्चर्स एंड टीवी प्रोग्राम प्रोड्यूसर्स' के अध्यक्ष पद पर रहे, जहां से उन्होंने साल 2009 में इस्तीफा दिया था। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पलक तिवारी संग फिल्म देखने पहुंचे इब्राहिम अली खान, पैपराजी को देख एक्ट्रेस को पीछे धकेला, वीडियो वायरल