Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

तमिल फिल्म 'किलर' के सेट पर दर्दनाक हादसा, शूटिंग के दौरान फटा सिलेंडर, एक की मौत

Advertiesment
SJ Suryah film Killer accident
तमिल फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। एक्टर और निर्देशक एस.जे. सूर्या की आगामी फिल्म 'किलर' के सेट पर एक भीषण हादसा हो गया। चेन्नई के पेरम्बूर स्थित ऐतिहासिक बिन्नी मिल्स परिसर में चल रही शूटिंग के दौरान एक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। 
 
इस दर्दनाक हादसे में स्पेशल इफेक्ट विभाग के एक युवा तकनीशियन की जान चली गई, जबकि तीन अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना बुधवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। 
फिल्म के सेट पर एक महत्वपूर्ण बम ब्लास्ट सीक्वेंस फिल्माया जा रहा था। इस दृश्य को सजीव और प्रभावी बनाने के लिए स्पेशल इफेक्ट्स टीम गुब्बारों में भरी जाने वाली गैस और सिलेंडरों का उपयोग कर रही थी। इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक एक सिलेंडर में तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के कारण जोरदार धमाका हो गया।
 
धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास मौजूद तकनीशियनों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। हादसे की चपेट में आने से स्पेशल इफेक्ट्स टीम के चार सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद सेट पर अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। 
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 26 वर्षीय मधन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन घायल तकनीशियनों—शक्तिवेल, सूर्या और दिनकरन का इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
 
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से ब्लास्ट के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिल्म 'किलर' की शूटिंग को अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है। फिल्म के मुख्य अभिनेता एस.जे. सूर्या और सह-कलाकार प्रीति असरानी की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

गवर्नर: मनोज बाजपेयी की फिल्म में 1990 के आर्थिक संकट की अनकही कहानी