Publish Date: Mon, 05 Feb 2024 (10:32 IST)
Updated Date: Mon, 05 Feb 2024 (10:32 IST)
abhishek bachchan birthday: बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन 5 फरवरी को अपना 48वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। अभिषेक को अभिनय की कला विरासत में मिली। उनके पिता अमिताभ बच्चन अभिनेता जबकि मां जया बच्चन जानीमानी अभिनेत्री हैं। घर में फिल्मी माहौल रहने के कारण अभिषेक का रूझान भी फिल्मों की ओर हो गया और वह अभिनेता बनने का सपना देखने लगे।
अभिषेक ने अपने करियर की शुरूआत साल 2000 में रिलीज जेपी दत्ता की फिल्म 'रिफ्यूजी' से की। इसी फिल्म में उनके अपोजिट करीना कपूर थी जो उनकी भी पहली फिल्म थी। हालांकि यह फिल्म टिकट खिड़की पर कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी लेकिन अभिषेक के अभिनय को अवश्य पसंद किया गया।
फिल्म रिफ्यूजी के बाद अभिषेक ने तेरा जादू चल गया, ढ़ाई अक्षर प्रेम के, बस इतना सा ख्वाब है, हां मैने भी प्यार किया है, शरारत, मुंबई से आया मेरा दोस्त, मैं प्रेम की दीवानी हूं, ओम जय जगदीश, एलओसी कारगिल, कुछ ना कहो जैसी फिल्मों में काम किया लेकिन इनमें से कोई फिल्म टिकट खिड़की पर सफल नहीं रही।
साल 2003 में अभिषेक की 'जमीन' रिलीज हुई। इस फिल्म में अभिषेक के अलावा अजय देवगन की भी मुख्य भूमिका थी। फिल्म को टिकट खिड़की पर औसत सफलता मिली। साल 2004 में रिलीज फिल्म 'युवा' अभिषेक के करियर की महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में अभिषेक का किरदार ग्रे शेड्स लिए हुए थे लेकिन वह दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने में सफल रहे। इस फिल्म के लिये उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का फिल्म फेयर पुरस्कार दिया गया।
साल 2004 में रिलीज फिल्म 'धूम' उनके करियर की पहली सुपरहिट फिल्म साबित हुई। यशराज बैनर तले बनी इस फिल्म में अभिषेक और उदय चोपड़ा की जोड़ी दर्शकों के बीच काफी पसंद की गई। 2005 में रिलीज फिल्म 'बंटी और बबली' अभिषेक बच्चन के करियर की एक और सुपरहिट फिल्म साबित हुई। यशराज बैनर तले बनी इस फिल्म में अभिषेक की जोड़ी रानी मुखर्जी के साथ काफी पसंद की गई। इस फिल्म के लिये अभिषेक सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित भी किए गए।
साल 2005 में रिलीज फिल्म 'सरकार' अभिषेक के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। राम गोपाल वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिषेक ने अपने पिता अमिताभ बच्चन के साथ काम किया। अमिताभ जैसे दिग्गज कलाकार की उपस्थिति के बावजूद अभिषेक दर्शकों के बीच अपना प्रभाव छोड़ने में कामयाब रहे। इस फिल्म के लिए अभिषेक को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार दिया गया।
साल 2005 में अभिषेक के करियर की एक और सुपरहिट फिल्म ब्लफमास्टर रिलीज हुई। इस फिल्म में अभिषेक ने अपने पार्श्वगायन से भी दर्शकों को अपना दीवाना बना दिया। साल 2006 में रिलीज सुपरहिट फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' के लिए अभिषेक सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किये गए। साल 2006 में रिलीज फिल्म 'धूम 2' भी अभिषेक के करियर की सुपरहिट फिल्मों में शामिल है।
साल 2007 में अभिषेक को मणिरत्नम की फिल्म 'गुरु' में काम करने का अवसर मिला। माना जाता है कि यह फिल्म दिवंगत उद्योगपति धीरू भाई अंबानी के जीवन पर बनायी गई थी। अभिषेक ने अपने संजीदा अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म के लिये अभिषेक सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किए गए। साल 2007 में अभिषेक ने ऐश्वर्या राय के साथ शादी कर ली।
साल 2008 में अभिषेक बच्चन की दोस्ताना और सरकार राज जैसी सुपरहिट फिल्में रिलीज हुई और दोनों फिल्मों के लिए वह सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किए गए। साल 2009 में अभिषेक बच्चन ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रख दिया और 'पा' का निर्माण किया।
साल 2012 में रिलीज सुपरहिट फिल्म 'बोल बच्चन' में अभिषेक बच्चन ने जबरदस्त हास्य अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साल 2013 में अभिषेक बच्चन के करियर की सबसे कामयाब फिल्म 'धूम 3' रिलीज हुई। साल 2014 में अभिषेक की एक और सुपरहिट फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' रिलीज हुई। साल 2016 में उनकी एक और सुपरहिट फिल्म हाउसफुल 3 प्रदर्शित हुई। साल 2018 में अभिषेक ने फिल्म मनमर्जिया से दो साल बाद कमबैक किया। इसके बाद अभिषेक की लूडो, बॉब विश्वास और द बिग बुल जैसी फिल्में रिलीज हुई।
Edited By : Ankit Piplodiya
About Writer
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें