हनीमुन पर शिलॉन्ग गए इंदौर के राजा रघुवंशी के मर्डर केस की पूरे देश में चर्चा हो रही है। राजा की कातिल उनकी पत्नी सोनम ही निकली है। शिलॉन्ग ने इस मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए सोनम सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी के ही अपने पति का मर्डर करवाने पर पूरे देश में आक्रोश का माहौल है।
अब इस केस पर एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौट ने अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने इसे न सिर्फ क्रूर और अमानवीय बताया बल्कि समाज के लिए सबसे खतरनाक करार दिया। कंगना ने इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करके अपनी नाराजगी जाहिर की है।
कंगना रनौट ने राजा और सोनम की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, यह कितना बेतुका है!! महिला शादी के लिए मना नहीं कर सकती क्योंकि वह अपने ही माता-पिता से डरती है लेकिन वह सुपारी किलर के साथ एक कोल्ड ब्लडेड मर्डर का प्लान बना सकती है।
उन्होंने लिखा, यह सुबह से मेरे दिमाग में है लेकिन मैं इसे समझ नहीं पा रही हूं। उफ्फ, अब सिरदर्द हो रहा है। वह तलाक भी नहीं ले सकती या अपने प्रेमी के साथ भाग भी नहीं सकती! कितना क्रू, जघन्य और सबसे बढ़कर बेतुका और बेवकूफी भरा था। ऐसे बेवकूफ लोगों को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए।
एक्ट्रेस ने आगे लिखा, वो किसी भी समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा है। हम अक्सर उन पर हंसते हैं और सोचते हैं कि वो नुकसान नहीं पहुंचाएंगे, लेकिन यह सच नहीं है। बुद्धिमान लोग अपने भले के लिए दूसरों को नुकसान पहुंचा सकते हैं लेकिन याद रखें कि एक बेवकूफ व्यक्ति को पता नहीं होता कि वह क्या कर रहा है। अपने आस-पास के बेवकूफों के प्रति बहुत सचेत रहें।
बता दें कि सोनम ने शादी के बाद ही अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पति राजा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे मौत के घाट उतरवा दिया। सोनम ने बीते दिन गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया। शिलॉन्ग पुलिस सभी आरोपियों को अपने साथ पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड के लिए शिलॉन्ग ले जा रही है।