बतौर बाल कलाकार नीतू कपूर ने रखा था इंडस्ट्री में कदम, फिल्मों में कॉस्टयूम डिजाइनर के तौर पर भी किया काम

WD Entertainment Desk
सोमवार, 8 जुलाई 2024 (14:22 IST)
Neetu Kapoor Birthday: बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू कपूर 8 जुलाई को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। नीतू कपूर को बचपन से ही डांस में काफी रूचि थी। उनकी रूचि को देखते हुए उनकी मां राजी सिंह ने उन्हें प्रसिद्ध अभिनेत्री वैजयंती माला के डांस स्कूल में डांस सीखने की अनुमति दे दी। वैजयंती माला उनके डांस करने के अंदाज से काफी प्रभावित हुईं और अपनी फिल्म 'सूरज' में बाल कलाकार के रूप में काम करने की उनसे पेशकश की जिसे नीतू कपूर ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
 
साठ के दशक में नीतू कपूर ने कई फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में अभिनय किया। इनमें 1968 में रिलीज फिल्म दो कलियां खासतौर पर उल्लेखनीय है। इस फिल्म में उनकी दोहरी भूमिका को सिने प्रेमी शायद हीं कभी भूल पाएं। फिल्म में उन पर फिल्माया गीत 'बच्चे मन के सच्चे' दर्शकों और श्रोताओं के बीच आज भी लोकप्रिय है।
 
नीतू कपूर ने अभिनेत्री के रूप में अपने सिने करियर की शुरूआत 1973 में रिलीज फिल्म 'रिक्शावाला' से की। इस फिल्म में उनके नायक के रूप में रणधीर कपूर थे। कमजोर पटकथा और निर्देशन के कारण फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हुई। नीतू कपूर को प्रारंभिक सफलता दिलाने में निर्माता-निर्देशक नासिर हुसैन की साल 1973 में रिलीज फिल्म 'यादों की बारात' का अहम स्थान है। इस फिल्म में उन्हें एक छोटी सी भूमिका निभाने का अवसर मिला। फिल्म में उनपर फिल्माया गीत 'लेकर हम दीवाना दिल' उन दिनों श्रोताओं के बीच क्रेज बन गया था। 
 
यादो की बारात की सफलता के बावजूद नीतू कपूर फिल्म इंडस्ट्री में लगभग दो वर्ष मुंबई में संघर्ष करती रहीं। आश्वासन तो सभी देते लेकिन उन्हें अच्छी फिल्मों में काम करने का अवसर कोई नहीं देता था। इस बीच नीतू कपूर ने शतरंज के मोहरे, आशियाना और हवस जैसी बी और सी ग्रेड वाली फिल्मों में अभिनय किया लेकिन इन फिल्मों से उन्हें कोई खास फायदा नहीं पहुंचा।
 
साल 1975 में रिलीज फिल्म 'खेल खेल में' मुख्य अभिनेत्री के रूप में कपूर कपूर के सिने करियर की पहली सुपरहिट फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में उनके नायक की रूप में ऋषि कपूर थे। युवा प्रेम कथा पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों के काफी पसंद किया। फिल्म की सफलता के साथ ही नीतू कपूर अभिनेत्री के रूप में फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो गईं।
 
साल 1975 में ही नीतू कपूर को दीवार और रफूचक्कर जैसी सुपरहिट फिल्मों में भी काम करने का अवसर मिला। फिल्म दीवार पूरी तरह अमिताभ बच्चन और शशि कपूर पर आधारित थी जबकि फिल्म रफूचक्कर में उन्हें एक बार फिर से ऋषि कपूर के साथ काम करने का अवसर मिला। युवा प्रेम कथा पर आधारित यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई।
 
नीतू कपूर की जोड़ी अभिनेता ऋषि कपूर के साथ काफी पसंद की गई। नीतू कपूर और ऋषि कपूर की इस जोड़ी ने रफूचक्कर, जहरीला इंसान, जिंदादिल, कभी कभी, अमर अकबर एंथनी, अनजाने, दुनिया मेरी जेब में, झूठा कहीं का, धन दौलत और दूसरा आदमी आदि फिल्मों में युवा प्रेम की भावनाओं को निराले अंदाज में पेश किया।
 
अस्सी के दशक में नीतू कपूर फिल्म इंडस्ट्री की चोटी की अभिनेत्रियों में शुमार हो गईं। इस दौरान उन्हें कई फिल्मों में काम करने के लिए कई प्रस्ताव मिले लेकिन उन्होंने इन सभी प्रस्तावो को ठुकरा दिया और अभिनेता ऋषि कपूर से शादी करके फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया। साल 1982 में रिलीज फिल्म 'तीसरी आंख' अभिनेत्री के रूप में नीतू कपूर की अंतिम फिल्म साबित हुई। 
 
नीतू कपूर ने कई फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता लेकिन दुर्भाग्य से वह किसी भी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर से सम्मानित नहीं की गईं। हालांकि 1979 में रिलीज फिल्म 'काला पत्थर' के लिए उन्हें सवश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए अवश्य नामांकित किया गया।
 
नीतू कपूर ने अपने सिने करियर में लगभग 60 फिल्मों मे काम किया। बहुमुखी प्रतिभा की धनी नीतू कपूर ने कई फिल्मों में कॉस्टयूम डिजाइनर के तौर पर भी काम किया। इन फिल्मों में नगीना, खोज, बड़े घर की बेटी, अमीरी गरीबी, श्रीमान आशिक, दरार आदि प्रमुख है। साल 2013 में रिलीज फिल्म बेशर्म में नीतू कपूर ने अपने पुत्र रणबीर कपूर और पति ऋषि कपूर के साथ काम किया। नीतू कपूर फिर से नए जोशो खरोश के साथ फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हुई हैं। 

सम्बंधित जानकारी

पर्दे पर फिर दिखेगा शाहरुख खान-प्रीति जिंटा का रोमांस, दोबारा रिलीज होने जा रही वीर जारा

20 साल से लापता एक्टर की तलाश कर रहीं सलमान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली, बोलीं- अपने खर्च पर कई राज्यों में गई

फिल्म सेक्टर 36 का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, खतरनाक रोल में दिखे विक्रांत मैसी

कैंसर से जंग लड़ रहीं हिना खान को हुई नई बीमारी, पोस्ट शेयर करके फैंस से मांगे सुझाव

टी सीरीज नहीं कर पाएगी आशिकी शब्द का इस्तेमाल, मुकेश भट्ट ने जीती कानूनी जंग

स्त्री 2 फिल्म समीक्षा : विक्की की टीम का इस बार सरकटा से मुकाबला

खेल खेल में मूवी रिव्यू: अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग जोरदार, लेकिन ‍क्या फिल्म है मजेदार?

वेदा फिल्म समीक्षा: जातिवाद की चुनौती देती जॉन अब्राहम और शरवरी की फिल्म | Vedaa review

औरों में कहां दम था मूवी रिव्यू: अजय देवगन और तब्बू की फिल्म भी बेदम

Kill movie review: खून के कीचड़ से सनी सिंगल लोकेशन थ्रिलर किल

अगला लेख