Publish Date: Tue, 08 Feb 2022 (18:05 IST)
Updated Date: Tue, 08 Feb 2022 (18:06 IST)
प्रवीण कुमार सोबती जिनका 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे बीमारी के साथ-साथ आर्थिक तंगी से भी गुजर रहे थे। वे दिसम्बर से ही बीमार चल रहे थे। प्रवीण कुमार को भीम के रोल के लिए याद किया जाता है जो उन्होंने बीआर चोपड़ा के टीवी धारावाहिक 'महाभारत' में निभाई थी। कहा जा रहा था कि आर्थिक तंगी ने प्रवीण कुमार को तोड़ दिया था और इस वजह से वे परेशान थे।
पंजाब सरकार ने जितने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले एथलीट थे उन्हें पेंशन दी थी। लेकिन प्रवीण को पेंशन नहीं मिली थी। इसकी शिकायत उन्होंने पंजाब सरकार से कई बार की और पंजाब में जितनी भी सरकारें आईं किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इस प्रकरण के कारण वे खासे चर्चित रहे थे।
गौरतलब है कि प्रवीण कुमार एक उम्दा खिलाड़ी भर रहे जिसके बारे में लोग बहुत कम जानते हैं। वे डिस्कस थ्रो एथलीट थे। उन्होंने एशियाई खेलो में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा 1968 और 1972 में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया। उन्हें अर्जुन अवॉर्ड मिला और बीएसएफ में नौकरी भी मिली। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड का रूख किया और महाभारत जैसे ब्लॉकबस्टर धारावाहिक के अलावा अन्य फिल्मों में भी काम किया।
प्रवीण कुमार ने 1981 में 'रक्षा' फिल्म से अपना सफर शुरू किया था। इसके बाद वे अमिताभ बच्चन जैसे सुपरस्टार के साथ भी नजर आए। चाचा चौधरी सीरियल में साबू का किरदार भी उन्हें अपने तगड़े शरीर और ऊंचाई की वजह से मिला।बीआर चोपड़ा को भीम के रोल के लिए ऐसा कलाकार चाहिए था जो डील-डौल से भीम के रोल के साथ न्याय कर सके। प्रवीण कुमार ऊंचे-तगड़े थे और इसलिए भीम के रोल के लिए चुन लिए गए। हालांकि उनका अभिनय औसत दर्जे का था लेकिन भीम के रोल लिए डील-डौल वाली शर्त पर खरे उतरे। इसके बाद प्रवीण बॉलीवुड की कई फिल्मों में नजर आए। ज्यादातर में उन्होंने खलनायकी दिखाई, लेकिन भीम के रोल में आज भी दर्शकों को वे याद है।