Publish Date: Wed, 18 Mar 2020 (06:21 IST)
Updated Date: Tue, 17 Mar 2020 (17:21 IST)
सलमान खान इस समय राधे में व्यस्त हैं क्योंकि लगभग दो महीने बाद यह फिल्म रिलीज होना है। इसकी रिलीज में कोरोना वायरस खेल बिगाड़ सकता है क्योंकि इसका कितना असर आने वाले दिनों में होगा कहा नहीं जा सकता।
इसके बाद सलमान कभी ईद कभी दिवाली की शूटिंग शुरू करेंगे। इसके अलावा किक 2 भी सलमान को लेकर बनना है जो कब शुरू होगी फिलहाल तय नहीं है।
सलमान की एक और फिल्म अटकी पड़ी है। शेरखान नामक फिल्म बनाने की बात लंबे समय से चली आ रही है। इस जंगल एडवेंचर को सलमान के भाई सोहेल खान बनाना चाहते हैं।
सलमान को भी इस प्रोजेक्ट में बहुत रूचि थी, लेकिन यह फिल्म अब तक शुरू नहीं हो पाई है। सूत्रों का कहना है कि सलमान स्क्रिप्ट से खुश नहीं हैं। यह एक महंगी फिल्म है और इसकी शूटिंग में काफी समय लगेगा। जब तक सलमान स्क्रिप्ट से संतुष्ट नहीं होंगे फिल्म शुरू नहीं हो पाएगी।
वैसे कहा जा रहा है कि सलमान को कई बार स्क्रिप्ट में बदलाव कर दिखाए जा चुके हैं, लेकिन बात नहीं बन पाई। माना जा रहा है कि सलमान की रूचि अब इस फिल्म में नहीं है और यह फिल्म शायद ही बन पाए।