Publish Date: Fri, 05 Feb 2021 (13:54 IST)
Updated Date: Fri, 05 Feb 2021 (13:56 IST)
किसान आंदोलन को 70 दिन से ज्यादा वक्त हो चुका है। इस मुद्दे पर हर कोई अपनी राय रख रहा है। अमेरिकी पॉप स्टार रिहाना के ट्वीट के बाद बॉलीवुड से लेकर तमाम खिलाड़ी और नेता किसान आंदोलन पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं इस मुद्दे पर भी बॉलीवुड हमेशा की तरह दो भागों में बंटा नजर आ रहा है, कोई आंदोलन को सपोर्ट करता नजर आ रहा है तो कोई इसके खिलाफ है।
इस बीच जब सलमान खान एक इवेंट में पहुंचे तो उन्हें भी इस सवाल का सामना करना पड़ा। हालांकि सलमान खान सीधे-सीधे कुछ भी कहने से बचते दिखे। सलमान मुंबई में एक म्यूजिक शो के लॉन्च के दौरान पहुंचे। इसी दौरान वह मीडिया से बात करने के लिए आए।
सलमान खान से पूछा गया कि देशभर में इन दिनों किसान आंदोलन की चर्चा हो रही है और कई सितारे भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं ऐसे में वह क्या कहना चाहेंगे? इस सवाल पर अभिनेता ने बिल्कुल संतुलित अंदाज में जवाब दिया।
सलमान ने कहा कि बिल्कुल मैं इस पर बात करूंगा, जरूर करूंगा। जो भी सही है वह जरूर होना चाहिए। जो ठीक है वह होना चाहिए। सही चीजें होनी चाहिए सबके साथ।
बता दें कि बीते नवंबर महीने से पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आए हजारों किसान दिल्ली बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं। सरकार और किसानों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद अभी तक कोई रास्ता नहीं निकला है।