Publish Date: Thu, 09 Mar 2023 (22:25 IST)
Updated Date: Thu, 09 Mar 2023 (22:30 IST)
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता एवं फिल्मकार सतीश कौशिक (Satish Kaushik) को परिवार के सदस्यों और मित्रों ने गुरुवार को अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी। कौशिक का दिल का दौरा पड़ने से 66 साल की उम्र में निधन हो गया था। कौशिक का अंतिम संस्कार मुंबई के वर्सोवा श्मशान भूमि में लगभग रात 8 बजकर 30 मिनट पर परिवार के सदस्यों और अभिनेता अनुपम खेर तथा निर्देशक अशोक पंडित सहित करीबी मित्रों की मौजूदगी में किया गया।अनुपम खेर का एक वीडियो सामने आया। इसमें अपने दोस्त को अंतिम विदाई देते हुए एक्टर फूट- फूटकर रोते दिखाई दिए।
निर्देशक डेविड धवन और सुभाष घई, गीतकार-कवि जावेद अख्तर और सलमान खान, अर्जुन कपूर, रणवीर कपूर, अभिषेक बच्चन, तबू और शिल्पा शेट्टी सहित फिल्म उद्योग के उनके कई मित्रों और सहकर्मियों ने आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कौशिका का बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात गुरुग्राम में अस्पताल ले जाते वक्त निधन हो गया था। खेर ने बताया कि कौशिक दिल्ली में अपने एक दोस्त के घर पर थे, जब उन्होंने बेचैनी होने की शिकायत की।
खेर ने बताया कि कहा कि उन्होंने अपने वाहन चालक से उन्हें अस्पताल ले जाने को कहा। देर रात करीब एक बजे उन्हें (अस्पताल जाते समय) रास्ते में ही दिल का दौरा पड़ा।
दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद कौशिश का पार्थिव शरीर विमान के जरिए मुंबई ले जाया गया। मुंबई हवाई अड्डे से पार्थिव शरीर को शाम लगभग साढ़े 6 बजे वर्सोवा स्थित उनके आवास पर ले जाया गया।