Publish Date: Mon, 02 Mar 2026 (17:48 IST)
Updated Date: Mon, 02 Mar 2026 (17:49 IST)
साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी लीड़ रोल में नजर आने वाली हैं। वहीं निर्देशक गीतू मोहनदास की इस महात्वाकांक्षी फिल्म का पहला गाना 'तबाही' रिलीज हो गया है।
मेकर्स ने गाने का ऑडियो रिलीज किया है। गाने के पोस्टर में कियारा और यश की रोमांटिक केमेस्ट्री देखने को मिल रही है। पोस्टर में कियारा आडवाणी और यश को समुद्र किनारे सूर्यास्त के समय एक-दूसरे के करीब देखा जा सकता है।
4 मिनट 26 सेकंड का यह गाना एक शुद्ध रोमांटिक ट्रैक है, जिसे मशहूर गायक और कंपोजर विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है। गाने के बोल राज शेखर ने लिखे हैं। विशाल मिश्रा ने एक इंटरव्यू में बताया कि 'तबाही' के जरिए उन्होंने प्यार की उस ऊर्जा को पकड़ने की कोशिश की है जो कच्ची और बेहद ईमानदार है।
'टॉक्सिक' एक पीरियड गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी 1940 से 1970 के दशक के गोवा के बैकड्रॉप पर आधारित है। फिल्म में यश डबल रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत नजर आएंगी। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।