यमला पगला दीवाना 2 में न केवल निर्देशक बदल गया है बल्कि नई कहानी भी देखने को मिलेगी। किरदारों के नाम वही है, जो पिछले भाग में थे। सीक्वल का निर्देशन संगीत सिवन ने किया है जो कई सफल मलयालम फिल्म बना चुके हैं। हिंदी में उन्होंने जोर, क्या कूल हैं हम और अपना सपना मनी मनी जैसी फिल्में बनाई हैं। खास बात यह है कि इस बार कहानी का आइडिया सनी की बीवी का है।
देओल तिकड़ी फिर एक बार दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है। धरम (धर्मेन्द्र), परमवीर (सनी देओल) और गजोधर (बॉबी देओल) इस बार यूनाइटेड किंगडम में दिखाई देंगे। परमवीर ‘यमला पगला दीवाना’ नामक एक क्लब खोलता है और यहां उसकी मुलाकात धरम और गजोधर से होती है।
इस फिल्म से जुड़े लोगों का दावा है कि इस बार डबल मस्ती, डबल धमाल, डबल एक्शन और डबल रोमांस होगा। सुमन (नेहा शर्मा) और रीत (क्रिस्टिना अखीवा) की जोड़ी क्रमश: गजोधर और परमवीर के साथ दिखाई देगी। साथ में जॉनी लीवर एक मूर्ख की भूमिका में नजर आएंगे।