राकेश 'हम्पटी' शर्मा: वरुण धवन फिल्म में वरुण के नाम 'हम्पटी' से ही पता चलता है कि यह एक बेफिक्र और मौज-मस्ती पसंद युवा है। फिल्म दिल्ली के एक जुगाड़ू लड़के की कहानी है, जिसकी जिंदगी का कोई मकसद नहीं है। अपने पिता की बुक शॉप पर उनकी मदद करके वह खुश है। वह अपने दो ख़ास दोस्तों के साथ वक्त बिताता है। वह बेहद साफ़ दिल का इंसान है और कुछ भी किसी से छिपाता नहीं है। हर पल मुस्कुराता रहता है। कहानी में नया मोड़ तब आता है जब इस बिंदास लड़के को प्यार हो जाता है।
काव्या प्रताप सिंह: आलिया भट्ट एक छोटे शहर अंबाला की कुड़ी काव्या, साधारण लेकिन फैशनेबल और बिंदास किस्म की लड़की है। वह जो चाहती है उसे हासिल करती है और हमेशा अपने दोस्तों की मदद के लिए तैयार रहती है। काव्या अपने पिता द्वारा पसंद किए गए युवक से शादी करने के लिए हां कर देती है लेकिन जब उसकी जिंदगी में प्यार आता है तो वह अपने दिल की बात सुनती है।
जब काव्या शादी की शॉपिंग के लिए अंबाला से दिल्ली आती है तो वहां उसकी मुलाकात एक हम्पटी शर्मा से होती है, जो एक बेफिक्र युवा है। काव्या को देखते ही हम्पटी उससे मिलने की बातें सोचने लगता है। अपने दोस्तों की मदद से वह काव्या की सारी जानकारी निकालने में कामयाब हो जाता है और उसकी एक सहेली की शादी में पहुंच जाता है, जहां काव्या और हम्पटी एक-दूसरे के नज़दीक आ जाते हैं।
अपनी सहेली की शादी के बाद काव्या अंबाला लौट जाती है। वह यह जानती है कि उसके पिता बेहद सख्त इंसान हैं और कभी भी हम्पटी और उसके प्यार को स्वीकार नहीं करेंगे, काव्या और हम्पटी फिर भी अपनी जिंदगी में प्यार का इंतज़ार करते हैं।
फिल्म में सबसे दिलचस्प हिस्सा तब शुरु होता है जब हम्पटी अपनी दुल्हनिया के लिए उसके घर वालों को मनाने के लिए कई परेशानियां उठाता है और आखिरकार हिंदी रोमांटिक फिल्मों की तरह कामयाब हो जाता है।