Publish Date: Tue, 07 Nov 2023 (15:13 IST)
Updated Date: Tue, 07 Nov 2023 (15:17 IST)
Chhatisgarh encounter news : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से ए के-47 राइफल बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ में कुछ नक्सली मारे गए हैं। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की 12 विधानसभा सीटों समेत कुल 20 विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार को मतदान हो रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बांदे थाना क्षेत्र में पनावर गांव के समीप आज दोपहर नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। इलाके में सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए बीएसएफ और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था और जब यह दल पनावर गांव के करीब पहुंचा तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे। बाद में जब सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से एक ए के-47 राइफल बरामद किया गया।
इससे पहले सोमवार को अंतागढ़ निर्वाचन क्षेत्र के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में प्रेशर बम की चपेट में आने से 2 मतदान कर्मी और एक बीएसएफ जवान घायल हो गए थे। यह घटना तब हुई थी जब सुरक्षाबलों के साथ मतदान दलों को मतदान केंद्र के लिए रवाना किया गया था।
Edited by : Nrapendra Gupta