Publish Date: Fri, 05 Aug 2022 (15:30 IST)
Updated Date: Fri, 05 Aug 2022 (16:43 IST)
बर्मिंघम: भारत की पैरा टेबल-टेनिस खिलाड़ी भविना पटेल ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शुक्रवार को महिला एकल क्लास 3-5 के फाइनल में पहुंचकर भारत के लिये पदक सुनिश्चित किया।पहली बार राष्ट्रमंडल खेल में भाग ले रही भविना ने सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड की स्यू बेली को तीन गेमों के मैच में 11-6, 11-6, 11-6 से हराया।भविना इससे पहले टोक्यो पैरालंपिक खेल 2020 में रजत पदक जीत चुकी हैं।
गुजरात की 35 साल की खिलाड़ी का सामना शनिवार को फाइनल में नाईजीरिया की क्रिस्टियाना इकपेयोई से होगा।
सोनलबेन पटेल को हालांकि इकपेयोई से 11-8 6-11 4-11 7-11 से हार का सामना करना पड़ा। इससे अब वह कांस्य पदक के मैच में बेली के सामने होंगी।
राज अरविंदन अलागर भी पुरूषों के 3-5 क्लास सेमीफाइनल में नाईजीरिया के नासिरू सुले से 11-7 8-11 4-11 7-11 से हार गये। वह रविवार को कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में नाईजीरिया के इसाऊ ओगुंकुनले से भिड़ेंगे।