Publish Date: Tue, 23 Jun 2020 (16:29 IST)
Updated Date: Tue, 23 Jun 2020 (16:32 IST)
तूतीकोरिन (तमिलनाडु)। भारत सरकार के समुद्र सेतु मिशन के तहत नौसेना ने मालदीव में फंसे हुए 200 भारतीय नागरिकों को यहां पहुंचाया है। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना के पोत ऐरावत ने मालदीव से 200 भारतीय नागरिकों को मंगलवार सुबह यहां वीओसी बंदरगाह पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को आए लोगों में 64 लोग कन्याकुमारी तथा बाकी अन्य जिले के थे। आगमन के बाद बंदरगाह के अधिकारियों ने यात्रियों की जांच की और उनके सामानों को संक्रमणमुक्त किया गया।
बाद में सभी यात्रियों को बसों से उनके गंतव्य के लिए भेज दिया गया।
यात्रियों को अपने मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु ऐप भी डाउनलोड करने को कहा गया। भारतीय नौसेना इससे पहले श्रीलंका और मालदीव में फंसे हुए 3,000 से ज्यादा भारतीय नागरिकों को वतन ला चुकी है। (भाषा)