Publish Date: Wed, 08 Jul 2020 (00:14 IST)
Updated Date: Wed, 08 Jul 2020 (00:16 IST)
इंदौर। इंदौर में कोरोनावायरस (Coronavirus) से हुई मौतों का आंकड़ा 250 के पार पहुंचने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 5 हजार के करीब पहुंच चुकी है। मंगलवार को शहर में 44 नए कोरोना पॉजिटिव मिले और कुल 3 लोगों की मौत दर्ज की गई। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के द्वारा देर रात जारी फाइनल मेडिकल बुलेटिन में दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर प्रवीण जड़िया ने बताया कि मंगलवार को टेस्ट किए गए कुल सैंपलों की संख्या 1545 रही, जिसमें से 44 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जबकि 1493 मरीजों में कोरोना के संक्रमण दिखाई नहीं दिए। इस तरह शहर में कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 4 हजार 998 पर पहुंच गया।
डॉ. जड़िया के मुताबिक मंगलवार को कुल 1612 सैंपल प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक कुल 96 हजार 90 सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। शहर के विभिन्न अस्पतालों से 33 मरीजों को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। इन्हें मिलाकर अब तक कोरोना से स्वस्थ होकर घर जाने वाले मरीजों की कुल संख्या 3871 हो चुकी है।
डॉ. जड़िया के अनुसार विभिन्न अस्पतालों में फिलहाल 875 कोरोना पॉजिटिव मरीज उपचाररत हैं। संस्थागत क्वारेंटाइन (मैरेज गार्डन और हॉस्टल) से मंगलवार को 35 व्यक्तियों को डिस्चार्ज किया गया। इन्हें मिलाकर इन स्थानों से अब तक 4695 व्यक्तियों को डिस्चार्ज किया जा चुका है।