Publish Date: Sun, 31 May 2020 (00:05 IST)
Updated Date: Sun, 31 May 2020 (00:15 IST)
जयपुर। राजस्थान में शनिवार को कोरोना वायरस (Corona virus) कोविड-19 संक्रमण से 9 और मौत दर्ज की गईं, जिससे राज्य में मरने वालों की संख्या 193 हो गई है। वहीं 252 नए मामले सामने आए हैं और राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 8,617 हो गई।
अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से शनिवार को सिरोही में तीन, जयपुर व जोधपुर में दो-दो तथा पाली व सीकर एक-एक और मौत हुई है। इससे राज्य में मृतकों की कुल संख्या 193 हो गई है।
केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 90 हो गया है जबकि जोधपुर में 19 और कोटा में 16 रोगियों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों के आठ रोगियों की भी यहां मौत हुई है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे।
वहीं राज्य में संक्रमण के 252 नए मामले शनिवार रात साढ़े आठ बजे तक सामने आए। इनमें पाली में 41, जोधपुर में 34, जयपुर में 29, भरतपुर में 25, डूंगरपुर में 17, सीकर में 15, कोटा में 12, सिरोही में 10, उदयपुर में नौ, चुरू में आठ, अजमेर, बारां, जालौर व बाड़मेर में सात-सात, कोटा, चुरू व उदयपुर में आठ-आठ नए मामले शामिल हैं। राज्य में अब तक के संक्रमितों की कुल संख्या 8,617 हो चुकी है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ-साथ 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर व जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया था। राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन है और अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।(भाषा)