Publish Date: Thu, 23 Apr 2020 (07:17 IST)
Updated Date: Thu, 23 Apr 2020 (08:00 IST)
पुणे। कोरोना वायरस के हर दिन बढ़ रहे मामलों के बीच पुणे में 92 वर्षीय एक महिला पूरी तरह ठीक हो गई है।कोरोना वायरस से संक्रमित बुजुर्ग महिला का ठीक होना इसलिए भी उल्लेखनीय है, क्योंकि 7 महीने पहले वे लकवाग्रस्त हो गई थीं।
बुजुर्ग महिला और उनके परिवार के 4 और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। अप्रैल के पहले हफ्ते में उन्हें लवाले में सिंबायोसिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. विजय नटराजन ने कहा कि 92 वर्षीय महिला और साढ़े 3 साल की उनकी परपोती सहित सभी चारों लोगों को जांच में संक्रमण नहीं पाए जाने पर मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने कहा कि इससे समाज में संदेश जाएगा कि अगर 92 साल की महिला ठीक हो सकती है तो 60 साल से अधिक उम्र के भी लोग संक्रमण को मात दे सकते हैं और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। महिला के 55 वर्षीय बेटे ने कहा कि शुरुआत में परिवार को संक्रमण के बारे में जानकर झटका लगा था कि उनकी मां सहित 4 लोग
संक्रमित हैं।
उन्होंने लोगों से दहशत में नहीं आने को कहा। व्यक्ति ने कहा कि उनका बेटा संक्रमण के कारण फिलहाल सरकारी केईएम अस्पताल में है लेकिन उसकी हालत में भी सुधार हो रहा है। (भाषा)