Publish Date: Wed, 25 Aug 2021 (09:02 IST)
Updated Date: Wed, 25 Aug 2021 (12:05 IST)
नई दिल्ली। अफगानिस्तान में तालिबान संकट के बाद वहां से रेस्क्यू कर भारत लाए गए 78 लोगों में से 16 कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें गुरु ग्रंथ साहिब लेकर आए तीनों ग्रंथी भी शामिल हैं।
इन लोगों से केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने भी मुलाकात की थी। सभी 78 लोगों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। इस साथ काबुल एयरपोर्ट से निकलकर लोग जितने भी देशों में पहुंचे हैं, वहां भी कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
उल्लेखनीय है कि भारत मंगलवार को दुशांबे से 78 लोगों को वापस लाया था इनमें 25 भारतीय नागरिक तथा कई अफगान सिख और हिंदू शामिल हैं। एयर इंडिया की फ्लाइट के जरिये दुशांबे से दिल्ली लाए गए लोगों के साथ गुरु ग्रंथ साहिब की तीन प्रतियां भी हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और वी मुरलीधरन ने दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियां स्वीकार की थी।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने काबुल से लाए श्री गुरु ग्रंथ साहिब (Sri Guru Granth Sahib) के तीन पवित्र स्वरूपों को प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें इन स्वरूपों को माथे पर लेकर जाते हुए देखा गया।
हरदीप पुरी ने ट्वीट किया था कि कुछ देर पहले श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के तीन पवित्र स्वरूप काबुल से दिल्ली लाए गए। इनका स्वागत कर धन्य हुआ।
मुरलीधरन ने ट्वीट किया था कि मंत्री हरदीप सिंह पुरी जी के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का स्वागत किया जो अफगानिस्तान से लोगों के साथ लाए गए हैं।