Publish Date: Thu, 12 Nov 2020 (11:39 IST)
Updated Date: Thu, 12 Nov 2020 (11:44 IST)
नई दिल्ली। कोरोनावायरस (Coronavirus) का संक्रमण दिन-ब-दिन खतरनाक होता जा रहा है। इस बीच उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया। विधायक जीना का दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में इलाज चल रहा था।
खबरों के मुताबिक, भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना कोरोनावायरस के संक्रमण से ग्रसित हो गए थे। उनका दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। इलाज के दौरान गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
विधायक सुरेंद्र सिंह के निधन को उत्तराखंड भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। कुछ दिन पहले ही उनकी पत्नी का भी दिल का दौरा पड़ने से दुखद निधन हो गया था।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में भाजपा के युवा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना साल 2006 में कुमाऊं मंडल विकास निगम के अध्यक्ष रह चुके थे। वे साल 2007 में पहली बार भिक्क्यासैंण सीट से विधानसभा पहुंचे। साल 2012 के चुनाव में वे दूसरी बार साल्ट विधानसभा से विजयी हुए, जबकि 2017 में वे तीसरी बार इसी विधानसभा से चुने गए।